Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरजौनपुर: बीएसए का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई, बच्चों संग किया मिड-डे...

जौनपुर: बीएसए का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई, बच्चों संग किया मिड-डे मील

जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने शनिवार को विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ मिड-डे मील ग्रहण कर गुणवत्ता की जांच की और लापरवाही मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की।

प्राथमिक विद्यालय शीतला चौकिया (धर्मापुर) में शिक्षामित्र को छोड़कर सभी शिक्षक उपस्थित मिले, लेकिन छात्र उपस्थिति कम पाई गई। इस पर प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और अनुपस्थित शिक्षामित्र का मानदेय अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया। वहीं साफ-सफाई बेहतर मिलने पर रसोइया को पुरस्कृत किया गया।

प्राथमिक विद्यालय सिद्दीकपुर (करंजाकला) में सभी शिक्षक उपस्थित मिले और शैक्षणिक गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई, हालांकि परिसर की साफ-सफाई सुधारने के निर्देश दिए गए।

प्राथमिक विद्यालय खानपुर अकबर में परिसर की स्थिति खराब मिली, जहां गंदगी, टूटी चहारदीवारी और जलभराव के कारण छात्रों को परेशानी हो रही थी। इस पर बीएसए ने नगर पालिका से समन्वय कर जल्द सुधार के निर्देश दिए।

प्राथमिक विद्यालय तरसांवा (शाहगंज) में बच्चे अव्यवस्थित ढंग से मिड-डे मील लेते मिले और कोई स्टाफ मौजूद नहीं था। इस पर नाराजगी जताते हुए बीएसए ने बच्चों को व्यवस्थित कर स्वयं उनके साथ भोजन किया। गुणवत्ता मानक के अनुरूप न मिलने पर प्रधानाध्यापक सहित स्टाफ का उस दिन का वेतन रोकते हुए नोटिस जारी किया गया।

कम्पोजिट विद्यालय सिद्दीकपुर में शैक्षणिक गुणवत्ता बेहतर पाई गई। कक्षा 8 के छात्रों को गणित के प्रश्न हल करने पर प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कृत किया गया।

बीएसए ने सभी विद्यालयों को शिक्षा की गुणवत्ता, स्वच्छता और छात्र उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित हो सके।