जौनपुर। सीएमओ ने सीएचसी सतहरिया का निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित मिले। सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने अस्पताल में शुद्ध पेयजल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निरीक्षण में मिली छोटी कमियों को तत्काल दूर करने, फायर फाइटिंग सिस्टम की जांच तथा विद्युत सुरक्षा ऑडिट शीघ्र कराने को कहा।
घायल मरीज का स्वयं किया प्राथमिक उपचार
निरीक्षण के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल स्तरीय गांव निवासी शंभूनाथ को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। उनके पैर के एंकल जॉइंट में गंभीर चोट थी। इस पर सीएमओ डॉ. गंगाराम गौतम ने स्वयं प्राथमिक उपचार करते हुए आवश्यक टांके लगाए।
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
सीएमओ ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


