जौनपुर। हिन्दी भवन सभागार में रविवार को एआईएमआईएम का जिला स्तरीय कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष इमरान बंटी ने समाजवादी पार्टी के पीडीए को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सपा ने पीडीए में शामिल अल्पसंख्यक वर्ग के साथ विश्वासघात किया है।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज ने मुलायम सिंह यादव से लेकर अखिलेश यादव तक को मुख्यमंत्री बनाने में योगदान दिया, लेकिन सपा सरकार के दौरान मुजफ्फरनगर दंगे जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ा। भाजपा और सपा पर भी उन्होंने अलग-अलग वर्गों के समर्थन के लिए कथित तौर पर डर की राजनीति करने का आरोप लगाया।
इमरान बंटी ने दावा किया कि एआईएमआईएम जौनपुर की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रही है। गठबंधन की स्थिति में पार्टी शीर्ष नेतृत्व के निर्देश के अनुसार निर्णय लेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में अभयराज भारती, शाहनेयाज अहमद, केडी अंसारी, मजनू राम गौतम, शमशाद आलम और कलीम हाशमी समेत अन्य पदाधिकारियों ने विचार रखे। संचालन मो. कासिम ने किया।


