― Advertisement ―

spot_img
Homeउत्तर प्रदेशसरकारी स्कूलों का होगा कायाकल्प, 10 विद्यालयों को किया गया चिन्हित

सरकारी स्कूलों का होगा कायाकल्प, 10 विद्यालयों को किया गया चिन्हित

पीलीभीत. अब तक उत्तरप्रदेश के परिषदीय विद्यालयों की स्थिति खास अच्छी नहीं मानी जाती थी लेकिन अब इनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है. हाल ही में पीलीभीत के 10 परिषदीय विद्यालयों की सूची शासन को सौंपी गई है. इन स्कूलों को प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा.दरअसल, आमतौर पर उत्तरप्रदेश के सरकारी स्कूलों का जिक्र आते ही जेहन में जर्जर भवन, जमीन पर बैठे विद्यार्थी और खाली पड़ी शिक्षकों की कुर्सियों की तस्वीर आती थी. लेकिन बीते विधानसभा चुनाव में शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा हावी रहा था. ऐसे में सूबे की योगी सरकार इस पर अधिक ध्यान दे रही है. स्कूलों का तमाम योजनाओं के जरिए कायाकल्प किया जा रहा है.

हाल ही में परियोजना निदेशालय ने बेसिक शिक्षा विभाग से ज़िले के 10 ऐसे विद्यालयों की सूची मांगी थी जिनमें कायाकल्प कराए जाने की आवश्यकता है. अब विभाग की ओर से ज़िले के ऐसे स्कूल चिन्हित कर शासन में भेज दिए गए हैं. इन स्कूलों में बुनियादी ढांचे को मज़बूत किया जाएगा इसके साथ ही साथ शिक्षा प्रणाली को भी हाईटेक बनाया जाएगा. ऐसे में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से उम्मीद जतायी जा रही है कि ये स्कूल प्राइवेट स्कूलों को टक्कर देंगे. बेसिक शिक्षा विभाग ने परियोजना निदेशालय को जिन 10 स्कूलों की सूची भेजी है. उनमें सभी शिक्षा खंडो में से गौरिया, बिलसंडा, खजुरिया पचपरा, पूरनपुर, रोहनिया के प्राथमिक विद्यालय वहीं गिद्धौर, गौनेरी बदी, खासपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं. मामले पर अधिक जानकारी देते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि परियोजना निदेशालय की ओर से 10 विद्यालयों की सूची मांगी गई थी. विभाग ने अपने स्तर पर स्कूलों को चिन्हित कर निदेशालय को भेज दिया है.

Share Now...