― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरमान्यता प्रक्रिया में पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रदेश में अव्वल

मान्यता प्रक्रिया में पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रदेश में अव्वल

  • 180 कॉलेजों के लिए निरीक्षण मंडल गठित

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने संबद्ध महाविद्यालयों की मान्यता प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कुलपति प्रो. वंदना सिंह के निर्देश पर विश्वविद्यालय ने जौनपुर और गाजीपुर के लगभग 180 कॉलेजों की अस्थायी एवं स्थायी मान्यता के नवीनीकरण के लिए निरीक्षण मंडलों का गठन कर दिया है। उत्तर प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों की तुलना में यह प्रक्रिया सबसे पहले पूरी की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने लगातार 72 घंटे सक्रिय रहकर बुधवार रात तक निरीक्षण टीमों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी। अब महाविद्यालय प्रबंधन अपनी लॉगिन आईडी के जरिए जरूरी विवरण देख और अपलोड कर सकते हैं। कुलसचिव केश लाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, सभी संबंधित महाविद्यालयों को 10 अप्रैल तक अपने परिसर का भौतिक सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। गठित टीमें निर्धारित समय सीमा के भीतर कॉलेज की अधोसंरचना, संकाय व्यवस्था, लाइब्रेरी और लैब जैसी सुविधाओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी। निर्धारित तिथि तक सत्यापन न कराने वाले संस्थानों की मान्यता प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। विश्वविद्यालय के इस कदम से शैक्षणिक सत्र को नियमित करने में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है।

Share Now...