- सांख्यिकी आंकड़ों के संग्रहण के लिए संगोष्ठी/कार्यशाला का हुआ आयोजन
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा की अध्यक्षता में सांख्यिकी आंकड़ों के संग्रहण हेतु संगोष्ठी/कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदेश की अर्थ व्यवस्था को वन ट्रिलियन डालर बनाया जाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके अन्तर्गत भारत सरकार के कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा विभिन्न समाजार्थिक सर्वेक्षणों को नियमित रूप से सम्पूर्ण भारत वर्ष में सम्पादित कराया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के अन्तर्गत जनपद स्तर पर विभिन्न चयनित इकाईयों का सर्वेक्षण भारत सरकार/प्रदेश सरकार द्वारा कराया जाता है। उक्त सर्वेक्षणों के दौरान सर्वेक्षण की जानकारी के अभाव में प्रतिदर्श इकाईयों से आँकड़ों के संग्रहण में अपेक्षित सहयोग नही मिल पाता है, जिससे संग्रहित आँकड़ों का प्रदेश की अर्थव्यवस्था में योगदान वास्तविक रूप से परिलक्षित नहीं हो पा रहा है। प्रदेश में हो रहे निवेश, विनिर्माण के क्षेत्र में उत्पादन, निर्माण, सेवा क्षेत्र, व्यापार आदि क्षेत्रों में सम्बन्धित विभागों द्वारा किये जा रहे योगदान का ससमय एवं सही ऑकलन इन सर्वेक्षणों के माध्यम से किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए विभिन्न सेक्टर का आंकलन करने हेतु प्रदेश में विभिन्न प्रकार के सर्वेक्षण संचालित किये जा रहे हैं। इन सर्वेक्षणों से प्रदेश में संचालित विकासोन्मुख योजनाओं में हो रहे निवेश के दृष्टिगत विनिर्माण, व्यापार एवं अन्य सेवा क्षेत्र में परिलक्षित हो रहे विकास की वास्तविक स्थिति के अनुरूप आंकड़े संग्रहित हो रहे हैं, जो उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान की दिशा में भी बहुत महत्वपूर्ण हो जाते हैं। उन्होंने इस कार्यशाला के माध्यम से सभी हितधारकों से अपील किया है कि सर्वेक्षणकर्ताओं को वांछित सही सूचना देकर उनको सहयोग प्रदान करें। कार्यशाला का संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम दरश यादव, अनुराधा श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विकास खंडों के प्रमुखगण, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी साईं तेजा सीलम, उपनिदेशक अर्थ एवं संख्या वाराणसी मंडल वाराणसी राम नारायण यादव, जिला विकास अधिकारी विजय कुमार यादव सहित सभी विकासखंड के खंड विकास अधिकारी तथा समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, व कार्यालय जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी जौनपुर के समस्त अपर सांख्यिकी अधिकारीगण, सहित समस्त विभागों के अधिकारीगण एवं जनपद के प्रमुख उद्यमीगण तथा जनपद के विभिन्न व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों/संस्थानों के अध्यक्ष/प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



