― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरें एक नजर में...

खबरें एक नजर में…

  • नीलामी 21 सितम्बर को

जौनपुर धारा, जौनपुर। अपर जिला जज जनपद न्यायालय ने जिला न्यायाधीश के अनुमोदन के क्रम में अवगत कराया है कि अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग द्वारा जनपद न्यायालय परिसर में स्वीकृत 16 कोर्ट रूम के निर्माण कार्यस्थल पर पूर्व में निर्मित सार्वजनिक शौचालय एवं फायर पंप रूम स्क्रैप की नीलामी 21 सितंबर 2023 को जनपद न्यायालय परिसर स्थित सभागार में संपन्न होगी। इच्छुक प्रतिभागी 20 सितंबर 2023 की शाम 5ः00 बजे तक अपने-अपने निवास स्थान के संबंध में वैध पहचान प्रमाण पत्र एवं अर्नेस्ट मनी के रूप में रुपए 23000-00 की धनराशि केंद्रीय नजारत में जमा करेंगे। जिस व्यक्ति के पक्ष में नीलामी स्वीकृत होगी उसे उसी दिन अर्नेस्ट मनी की धनराशि की समायोजित करते हुए नीलामी की बोली की संपूर्ण धनराशि जमा करनी होगी।

  • राखी बंधवा कर वापस लौट रहे भाई की कार की चपेट में आने से मौत

जौनपुर धारा, जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र के सरायभोगी गांव के पास कार की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई।

बताया जाता है कि महाराजगंज थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव निवासी तेज बहादुर उम्र लगभग 50वर्ष पुत्र झूरी राम अपनी बहन के घर राखी बंधवाने गया था। गुरुवार को 12 बजे वह अपनी बहन के घर से अपने घर बाइक से वापस लौट रहा था इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दिया। कार की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। लोगों द्वारा उसे स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया जहां से चिकित्सक ने बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

  • संदिग्ध परिस्थियों में युवक की हुई मौत

जौनपुर धारा, जौनपुर। पवांरा थानाक्षेत्र के अन्तर्गत हिम्मतपुर गांव में धान की सिंचाई करने गये युवक की संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गयी। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

उक्त गांव निवासी सुरेन्द्र गुप्ता (40) पुत्र स्व.कामता प्रसाद गुप्ता जो 31 अगस्त की दोपहर धान की सिंचाई करने गये थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग चिन्तित हो गये और खेत की तरफ गये तो देखा कि वह मे़ड पर बेहोश पड़े हैं। आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सतहरिया ले गये, जहां चिकित्साधिकारी ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर परिजनों में मातम छा गया। वहीं पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं गांव के लोगों का कहना है कि किसी जहरीले जन्तु काटने से मौत हुई है।

  • दुराचार का आरोपित गिरफ्तार, किशोरी बरामद

जौनपुर धारा, खुटहन। बिशुनपुर चौराहे पर गुरुवार की शाम संदिग्धों की तलाश के दौरान पुलिस ने दुराचार और पाक्सो ऐक्ट के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे चलान न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस ने पीड़ित किशोरी को दो दिनों पूर्व मुम्बई से बरामद कर लिया था। उसे महिला कांस्टेबल की देखरेख में मेडिकल मुआयना हेतु जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। किशोरी की माता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को बीते 14 अगस्त को घर से स्कूल जाते समय बहला फुसलाकर इसी थाना क्षेत्र के बनहरा गांव निवासी संदीप राव कहीं भगा ले गया। पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से पता लगाया तो उसका लोकेशन मुंबई का पता चला। स्वजनों को साथ लेकर वहां पहुंची पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया। लेकिन आरोपित का पता नहीं चल सका। पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई थी। प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर योगेन्द्र सिंह ने बताया कि चौराहे पर संदिग्धों की तलाश के दौरान उन्हें पैदल ही एक युवक सामने से आता दिखा। रुकने का इशारा करने पर वह बिपरीत दिशा में भागने लगा। हमराहियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में वह दुराचार और पाक्सो ऐक्ट का आरोपित निकला।

घर के सामने बंधी दो भैंस चोरी

जौनपुर धारा, खुटहन। पटैला गांव में गुरुवार की रात घर के सामने खूंटे से बंधी दो भैंस अज्ञात चोर छोड़ ले गए। जिसकी जानकारी सुबह होने पर पीड़ित पशु स्वामी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। गांव निवासी बसंत लाल मौर्या रोज की तरह अपनी दोनों भैंसों को खिला पिलाकर घर सामने से निकली सड़क के पास बांधे थे। दोनों भैंस की कीमत सवा लाख से अधिक बतायी जा रही है।

गैर इरादतन हत्यारोपित के खिलाफ केस दर्ज

जौनपुर धारा, खुटहन। खुटहन गांव के उचैना मजरा में बीते 19अगस्त को खेत में लगाए गये नंगे तार में प्रवाहित करेंट की चपेट में आ जाने से हुई। किसान की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी के द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

गांव निवासी संगीता यादव ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसका पति उमाशंकर यादव सब्जी की फसल में दवा का छिड़काव कर रहा था। इसी बीच बगल के खेत में सुरक्षा हेतु लगाए गए विद्युत प्रवाहित नंगा तार की चपेट में आ गया। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह भी आरोप था कि बार-बार कहे जाने के बाद भी तार नहीं हटाया गया। आरोप के आधार पर पुलिस ने इसी मजरा निवासी श्याम नारायण यादव के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के केस दर्ज कर लिया है। आरोपित की तलाश जारी है।

टोलप्लाज़ा पर टोलटैक्स मांगने पर मचाया हंगामा

जौनपुर धारा, जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के हौज टोलप्लाज़ा पर गुरुवार की देर शाम को टोल टैक्स मांगने पर जिले के एक चर्चित व्यक्ति ने जमकर हंगामा मचाया। हंगामा इतना बढ़ गया कि मौके पर पुलिस पहुंच गई। हंगामा लगभग घण्टे भर तक चला। इस दौरान राजमार्ग पर काफी तनाव की स्थिति बनी रहीं। घटना की जानकारी पर थानाप्रभारी रामसरिख गौतम मौके पर पहुंच गए। उन्होंने काफी समझाबुझाकर शांत कराया। उक्त व्यक्ति ने टोलप्लाज़ा कर्मियों पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया तो दूसरी तरफ टोलप्लाज़ा कर्मियों ने कहा कि उनके वाहन पर फास्टैग नही था।जिसके लिए उनकी गाड़ी को रोका गया था। रोके जाने से वे नाराज होकर हंगामा मचा रहे थे।

  • शपथ ग्रहण के साथ ही शुरू हुआ स्वच्छता पखवाड़ा

जौनपुर धारा, जौनपुर। शासन की मंशा के अनुरूप शुक्रवार को क्षेत्र के तमाम स्कूल कालेजों में शपथ ग्रहण के साथ ही स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं समेत शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मियों ने स्वच्छता के प्रति शपथ ग्रहण कर अपनी निष्ठा दिखाई। इस कड़ी में क्षेत्र के श्री गांधी स्मारक इण्टर कालेज समोधपुर में प्रधानाचार्य डॉ.अजेय प्रताप सिंह के नेतृत्व में शपथ ग्रहण कर स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। इस दौरान विनय तिवारी, जितेंद्र सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।इन्दिरा स्मारक सर्वोदय इंटर कालेज कटघर में प्रधानाचार्य रमाकांत शुक्ल ने लोगों को शपथ दिलाई। एसवीडी गुरुकुल महाविद्यालय ऊंचगांव में डायरेक्टर व प्रमुख प्रतिनिधि डॉ.उमेश चन्द्र तिवारी ने छात्रों और शिक्षकों को शपथ ग्रहण कराया। परिषदीय स्कूलों में खण्ड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार वैश्य के कुशल पर्वेक्षण में क्षेत्र के शान्ति निकेतन पूर्व माध्यमिक विद्यालय सारीजहांगीर पट्टी में प्रधानाध्यापक महेश दूबे के नेतृत्व में शिक्षक और बच्चों ने स्वच्छता का शपथ ग्रहण किए। वहीं प्राथमिक विद्यालय मयारी में डा.रणंजय सिंह, कम्पोजिट विद्यालय कोहड़ा, रामनगर व एकडला में एआरपी पंकज सिंह, प्रभारी प्रधानाध्यापक देवेन्द्र कुमार सिंह, प्राथमिक विद्यालय पूरासम्भलशाह में प्रभारी अजय मिश्र व ब्लाक मन्त्री उमेश चन्द्र यादव के नेतृत्व में शपथ ग्रहण कराया गया। इसके अलावा भरारी, सदरुद्दीनपुर, रूधौली व सवायन समेत तमाम स्कूलों में छात्र छात्राओं समेत शैक्षणिक कर्मियों ने स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ शपथ ग्रहण के साथ किया।

Share Now...