― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरकाले बादल देखते ही घबरा उठते हैं बाजारवासी

काले बादल देखते ही घबरा उठते हैं बाजारवासी

जौनपुर धारा, सुइथाकला। जहां काले बादल देख सभी के चेहरे खिल उठते हैं, वहीं एक ऐसा भी बाजार है जहां व्यवसायी से लेकर खरीददार तक काले बादल देखकर घबरा उठते हैं। थोड़ी सी भी बारिश उनके लिए शामत खड़ी कर देती है। वह कोई और नहीं क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में अपनी अलग पहचान रखने वाला सरायमोहिउद्दीनपुर बाजार है। आसपास के तमाम गावों से लोग उक्त बाजार में रेहड़ी, पटरी पर दुकानदारी करके अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वहां हल्का सा भी काला बादल मानों उनके लिए शामत लेकर आ जाता है। जल निकासी के अभाव में थोड़ी सी भी बारिश उनके अरमानों पर पानी फेर देता है और लोग घबरा उठते हैं। कुछ ऐसा ही नजारा गुरुवार को दोपहर में देखने को मिला। जल निकासी के अभाव में थोड़े से बादल के चलते हुई बारिश से समूचे बाजार में जगह-जगह पानी का जमावड़ा हो उठा और सब परेशान हो उठे। जल निकासी के बाबत जब बाजारवासियों से बात किया गया तो वे बताते हैं कि होश संभालने से लेकर अब तक कईयों पंचवर्षीय योजनाओं के बीत जाने के बावजूद भी आज तक किसी ने भी जलनिकासी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। थोड़ी सी भी बारिश से जगह जगह पानी का जमावड़ा हो जाता है। रेहड़ी पटरी वाले दुकानदारों से लेकर राहगीर तक सभी परेशान हो उठते हैं और उनका व्यवसाय बाधित होता है। इतना ही नहीं बाजार में रहने वाले लोग भी जल निकासी हेतु घरों से निकलने वाले जल को सोख्ते या सामने गड्ढा बनाकर इकट्ठा करने का काम करते हैं। अब ऐसे में सवाल यह उठता है कि जहां केन्द्र से लेकर प्रान्त तक कि सरकारें गावों के विकास के लिए अरबों रुपये खर्च करने की कवायद करती है तो निचली सरकारें उदासीन क्यों है? यह लोगों के लिए यक्ष प्रश्न बना हुआ है। हालांकि इस बाबत एडीओ पंचायत राजेश कुमार ने बताया कि एसएल डब्ल्यू के तहत पैसा आने वाला है, शीघ्र ही बाजारवासियों को इस समस्या से निजात मिल जाएगा।

Share Now...