- 262वाहना के चालान के साथ ही 32हजार जुर्माना वसूला
जौनपुर। नगर में जाम और यातायात नियमों को दुरुस्त करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को कई वाहनों का चालान किया। इस दौरान मानकों पर खरे न उतरने वाले ई-रिक्शा और दो पहिया वाहनों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कारवाई की है। इसके अलावा बिना लाइसेंस वालों पर भी कारवाई की जा रही है। इसके अलावा ओवर लोडेड वाहनों और ट्रिपलिंग सवारियों पर भी पुलिस सख्त दिखी। बिना हेलमेट के वाहन चला रहे लोगों को हिदायत देकर दुबारा ऐसा करने पर कारवाई की चेतावनी दी गई। यातायात निरीक्षक सुशील मिश्रा ने बताया कि मानक विहीन वाहनों पर कारवाई की जा रही है इसके अलावा शहर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए भी यातायात पुलिस पूरी तरह से कटिबद्ध है। पुलिस के इस अभियान से बिना लाइसेंस के वाहन चालकों में हड़कंप है। इस दौरान बिना फिटनेस के, बिना नम्बर प्लेट के चलने वाले तथा निर्धारित रुट नम्बर पर नही चलनें वाले 200ई-रिक्शा वाहनों को चेक किया गया, जिसमें 62 ई-रिक्शा वाहनों का चालान व 32000/- का जुर्माना वसूल किया गया। वहीं 10 वाहन को कोई भी प्रपत्र उपलब्ध नहीं कराने के कारण सीज किया गया। इस दौरान सार्वजनिक मार्गो, चौराहों व तिराहों पर लगातार भ्रमणशील रहकर यातायात पुलिस ने आमजन व वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों के पालन करने हेतु जैसे- नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित मानक से अधिक सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, अवयस्क को वाहन न चलाने देने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, दो पहिया वाहनो पर हेलमेट का प्रयोग करने, वाहनों को ओवर लोड न चलाने आदि के संबन्ध में जागरूक किया गया।


