- घटना की सत्यता की जांच की मांग कर समर्थन में 8 अगस्त को विद्यालय बंद करने का निर्णय
जौनपुर धारा, जौनपुर। चिल्ड्रेन गर्ल्स कालेज आजमगढ़ में बीते 31 जुलाई की घटना को मद्देनजर रखते हुए जौनपुर पब्लिक स्कूल एसोसिएशन ने एक बैठक कर इस घटना पर दु:ख जाहिर करते हुए भगवान से प्रार्थना कर दिवंगत आत्मा को श्री चरणों में स्थान देंने और अभिभावक को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। बैठक में एसोसिएशन के लोगों ने कहाकि आजमगढ़ गर्ल्स कॉलेज में एक छात्रा ने बैग की तलाशी के दौरान मोबाइल पकड़े जाने पर विद्यालय में खुदकुशी कर ली थी जो कि अत्यंत दुखद है किंतु इस घटना पर यह सवाल उठता है कि कैसे विद्यालय का प्रिंसिपल और शिक्षक इसमें दोषी हो सकता है। जिनको धारा 306 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। मोबाइल फोन बच्चों के माता-पिता उनको देते हैं जिसका बच्चे दुरुपयोग करते हैं। आज किसी भी विद्यालय में जरा-जरा सी बात पर अभिभावक एफआईआर करने की धमकी देते हैं और बच्चों ने शिक्षक शिक्षिकाओं एवं विद्यालय को सम्मान देना बंद कर दिया है। नि:संदेह जिस परिवार ने अपने बच्चे को खोया है वह दु:खद है लेकिन इसके लिए जिम्मेदार कौन है यह बहुत बड़ा सवाल है। पहले भी इसी प्रकार की कई घटनाएं हुई है। जौनपुर पब्लिक स्कूल एसोसिएशन यह पुरजोर मांग करता है कि घटना की सत्यता की जांच की जाए और यदि संबंधित व्यक्ति दोषी है तो अवश्य उसके खिलाफ कार्यवाही की जाए अन्यथा की दशा में उसे तत्काल रिहा किया। प्रधानाचार्य व अध्यापकों के समर्थन व सम्मान के लिये उत्तर प्रदेश के सभी विद्यालय एक दिन के लिए 8 अगस्त दिन मंगलवार को बन्द रखने का निर्णय लिया गया है।


