― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरें एक नजर में...

खबरें एक नजर में…

  • सड़क दुघर्टना में बाइक सवार घायल

जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत सिधाई मोड़ के समीप सड़क दुघर्टना में एक बाइक सवार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां उक्त घायल का प्राथमिक उपचार कराया गया।

क्षेत्र के सबरहद गांव निवासी 60 वर्षीय चन्दू राजभर पुत्र इन्द्र राजभर रविवार की देर रात बाइक से घर जा रहे थे कि जौनपुर मार्ग स्थित सिधाई मोड़ पर तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उक्त घायल की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

  • आम आदमी पार्टी ने जारी किए पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र

जौनपुर धाराजौनपुर। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी द्वारा जनपद निवासी विनोद कुमार सिंह (वत्स) को पंचायत प्रकोष्ठ का वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है तथा अनीता मिश्रा को महिला प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। सुषमा मिश्रा को शिक्षक प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।

जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह (मुन्ना) ने कहा कि उक्त नवनियुक्त समस्त पदाधिकारी आदमी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं, इसलिए उक्त सूचना मिलने के बाद जनपद के समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकतार्ओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है। उक्त सूचना पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी अतुल कुमार तिवारी (बुद्धिमान) द्वारा दिया गया। नियुक्ति पत्र जारी होने के बाद पार्टी के पूर्वांचल प्रांत प्रभारी डॉ. अनुराग मिश्रा, हींच नारायण तिवारी, शत्रुघ्न सिंह (सोनू), अतुल कुमार तिवारी, वंदना मिश्रा, विनोद कुमार प्रजापति, बंटी अग्रहरी, डॉ. दिवाकर मौर्य, शशिधर चौहान, अमित श्रीवास्तव, राजेंद्र सिंह इत्यादि समस्त कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई व शुभकामनाएं संदेश दिए जा रहे हैं।

  • विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुधार के लिए सौंपा ज्ञापन

जौनपुर धारा, मछलीशहर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं व विद्युत दुर्व्यवस्था को लेकर सोमवार को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन अधिशासी अभियंता, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड विद्युत वितरण खण्ड मछलीशहर को सौंपा।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी एवं उत्तर प्रदेश किसान सभा का एक प्रतिनिधि मंडल अधिशासी अभियंता से मिलकर विद्युत आपूर्ति में व्याप्त दुर्व्यवस्था की तरफ ध्यान आकृष्ट कराते हुये विद्युत समस्याओं का निदान अविलम्ब कराने की मांग की। मांग किया कि ग्रामीण क्षेत्रों मधुपुर, मुस्त्फाबाद आदि फीडरों पर अनियमित विद्युत आपूर्ति शेड्यूल के अनुसार न होकर 4 से 6 घंटे किश्तों में हो रही है। किसानों के धान की रोपाई व सिंचाई बाधित है। भसोट, जुड़ऊपुर सहित कई गांवों में जले ट्रांसफार्मर को तत्काल बदला जाय। जर्जर, सड़े गले तार तत्काल बदले जांय जिससे फाल्ट न हो। इस अवसर पर जिला मंत्री सालिक राम पटेल, सत्य नारायन पटेल, कृष्ण नारायण तिवारी, सुभाष चंद्र पटेल, सुभाष चंद्र गौतम, रघुवर प्रजापति आदि उपस्थित थे।

  • जमीनी विवाद में मारपीट, आधा दर्जन घायल

जौनपुर धारा, बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के पूरालाल गाँव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में आधा दर्जन लोग घायल हो गये है। घायलों का इलाज सीएचसी पर कराया गया। घटना रविवार देर रात की है। प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। घायलों में एक पक्ष से अन्नू निषाद 18 वर्ष पुत्री संजय निषाद, आंचल 10 वर्ष पुत्री प्रमोद, दिवाकर निषाद 38 वर्ष तथा दूसरे पक्ष के रामजश निषाद 32 वर्ष, शोभावती 45 वर्ष पत्नी रामयश तथा कुसुम 12 वर्ष पुत्री सुभाष निषाद हैं।

  • विवाहिता के साथ बलात्कार का आरोप, मुकदमा दर्ज

जौनपुर धारा, बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के एक गाँव की 35 वर्षीया विवाहिता ने जनपद फतेहपुर निवासी एक व्यक्ति पर चाकू से डरा धमका कर बलात्कार करने के आरोप में केस दर्ज कराया है। केस दर्ज होते ही पुलिस जांच पड़ताल में जुट गयी है। विवाहिता का आरोप है कि 6 माह पूर्व जरिये फोन जनपद फतेहपुर के एक व्यक्ति से सम्पर्क हुआ। सम्पर्क होते ही उस व्यक्ति ने फोन पर धमकी व ब्लैकमेल करते हुए घर आकर जबरदस्ती बलात्कार किया। अप्रैल माह में वह फिर घर आया। परिवार के लोगों की हत्या की धमकी देकर बलात्कार करता रहा। 25 जुलाई को पुन: घर आकर चाकू की नोक पर डरा धमका कर शारीरिक संबंध बनाया। प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार राय ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।

  • गाँव में विवाद को निस्तारित करने के लिए टीम गठित

जौनपुर धारा, बदलापुर। जल जीवन मिशन अंतर्गत हर घर जल पहुंचाने के लिए डाली जा रही पाइप को लेकर क्षेत्र के 14 जगहों पर विवाद पाया गया है। विवाद को निस्तारित करने के लिए एसडीएम अर्चना ओझा ने तीन टीम गठित किया है। टीम में राजस्व लेखपाल, कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता शामिल हैं। चौदह गाँव में कतिपय लोग पाइप बिछाने में अवरोध पैदा कर रहे हैं। सोमवार को औंका गाँव में पहुँच कर टीम ने विवाद का निस्तारण कराया। एसडीएम ने लोगों को चेताया है कि सरकारी कार्य में खलल पैदा करने वालों के खिलाफ सूचना मिलते ही कार्यवाही की जाएगी।

  • जगदीश सोनकर का भव्य स्वागत होगा आज

जौनपुर धारा, मछलीशहर।  भारतीय जनता पार्टी की हाल ही में सदस्यता ग्रहण करने वाले समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर मंगलवार को पहली बार अपनी कर्मस्थली आ रहे हैं। यहां पर कार्यकर्ताओं ने उनके जोरदार स्वागत समारोह की तैयारी कर रखी है। श्री सोनकर विधानसभा की सीमा में प्रवेश करने पर खाकोपुर परसुपुर आदि स्थानों पर स्वागत समारोह में शामिल होने के पश्चात भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत कार्यालय गंगा पैलेस पहुंचेंगे जहां भाजपा के जिला अध्यक्ष और वरिष्ठ पार्टी नेताओं की मौजूदगी में उनका जोरदार स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा भी नगर में कई स्थानों पर उनका स्वागत किया जाना तय है। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी अनुराग सिन्हा और मंडल अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने दी है।

  • तीजे की मजलिस का हुआ आयोजन

जौनपुर धारा, जौनपुर। जौनपुर अजादारी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मिर्जा जावेद सुल्तान के आवास कटघरा में 12 मोहर्रम तीजे की मजलिस को खिताब करते हुए मौलाना जैनुल आबेदीन ने कहा कि शहादते इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम से हमें ये तालिम हासिल होती है कि हमें हर हाल में हक के साथ होना चाहिए। उन्होंने हजरत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की बहन जनाबे जैनब के मसायब के हवाले से कहा कि अगर वो न होतीं तो वाकए कर्बला कर्बला में ही दफन हो जाता। हजरत जैनब की कूफा और शाम में की गई तकरीरों का ही असर था कि दुनिया ने हजरत इमाम हुसैन की शहादत की अहमियत को समझा और यजीद के जुल्म की दास्तान घर-घर पहुंची। पूरी दुनिया यजीद से नफरत करने लगी। मजलिस की सोजख्वानी अमन सलमानी नेकी एवं अंजुमन गुंचे हैदरिया कोरा पट्टी ने नौहा मातम किया। मजलिस में मुख्य रूप से हसन मुसुन्ना, एएम डेजी, मिर्जा रफत बेग, राजा, फैजी मुगल, मोहम्मद शारिक, साकिब, साहिल आब्दी व काफी संख्या में अजादारों ने शिरकत किया।

  • बीपीएड, एमएड में प्रवेश तिथि 13 अगस्त तक बढ़ी

जौनपुर धारा, जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालयों में संचालित बी.पी.एड एवं एम.एड पाठ्यक्रम सत्र 2023-2025 में प्रवेश हेतु इच्छुक अभ्यर्थियों से आनलाईन आवेदन प्राप्त करने की अन्तिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 13 अगस्त कर दी गयी है। जो अभ्यर्थी सत्र 2023 की पात्रता अर्हता परीक्षा के अन्तिम वर्ष या सेमेस्टर में सम्मिलित है, वे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते है। अभ्यर्थियों के लिये आवश्यक नियम, निर्देश आवेदन फार्म महत्वपूर्ण तिथियाँ आदि विश्वविद्यालय की वेबसाईट पर उपलब्ध है।

Share Now...