Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

जौनपुर में जन्माष्टमी का उत्सव, मंदिरों से पुलिस लाइन और जिला जेल तक विशेष आयोजन

जौनपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर जिलेभर में उत्साह रहा। मंदिरों, पुलिस लाइन और जिला जेल में विशेष आयोजन हुए, जबकि बाजारों में लड्डू गोपाल की पोशाक और श्रृंगार सामग्री की मांग बढ़ी।
Homeअपना जौनपुरसोनभद्र में मॉक ड्रिल से महा जागरूकता अभियान

सोनभद्र में मॉक ड्रिल से महा जागरूकता अभियान

स्कूलों में आपातकालीन स्थिति के लिए किया जागरूक

जौनपुर धारा,सोनभद्र। सोनभद्र में जिला प्रशासन द्वारा सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल को लेकर जनपद भर के स्कूलों व सार्वजनिक स्थानों पर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। चोपन थाना क्षेत्र के डाला में स्थित आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल में बुधवार को क्षेत्राधिकारी डॉ.चारू द्विवेदी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं को हवाई हमले के दौरान बचाव हेतु सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल अभियान आयोजित करके जागरूक किया गया। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना और जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के दौरान पुलिस, दमकल विभाग और एम्बुलेंस कर्मियों ने संयुक्त रूप से मॉक ड्रिल का अभ्यास करवाया। सायरन की आवाज बजते ही शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चे व्यवस्थित टोलियों में स्कूल की कक्षाओं से सुरक्षित बाहर निकले। इसके बाद दमकल और एम्बुलेंस कर्मियों ने राहत व बचाव कार्य का प्रदर्शन किया। बच्चों को यह भी दिखाया गया कि आग लगने जैसी विपरीत परिस्थितियों में उसका सामना कैसे करना है। क्षेत्राधिकारी नगर डॉ.चारू द्विवेदी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में सही तरीके से प्रतिक्रिया देना सिखाना है। इससे डरने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय स्थिति की गंभीरता को समझें, आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और सोशल मीडिया की अफवाहों से बचें। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि आपातकालीन स्थिति में घरों में रहें, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, अपरिचित वस्तुओं से दूरी बनाए रखें, रात में रोशनी कम रखें, और पड़ोसियों, विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों व जरूरतमंदों की मदद करें। चोपन थाना निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया ने भी बच्चों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक किया। उन्होंने अफवाहों से दूर रहने, एक-दूसरे की मदद करने और संदिग्ध वस्तुओं या गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की। कार्यक्रम में चौकी प्रभारी आशीष कुमार पटेल, वी.एस.राठौर, प्रधानाचार्य आर.सी.पांडेय, हरिश्चंद्र पांडेय, रमेश उपाध्याय, सुनील चौहान, सुनील पांडेय, अमितेश पांडेय, तुलसी राम मौर्य, राजकुमार चौबे, रोहित सिंह, संतोष कुमार, सरोज सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।