― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरसार्वजानिक नाला उपयोग की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश

सार्वजानिक नाला उपयोग की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश

  • सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार और कस्बा लेखपाल ने बंद कराया निर्माण कार्य
  • सांसद ने एसडीएम को समुचित कार्रवाई का दिया निर्देश

जौनपुर धारा, केराकत। सार्वजनिक नाले की जमीन पर कोर्ट से स्टे के बावजूद कस्बे के एक रसूखदार व्यक्ति ने बुधवार को एक बार फिर चोरी छिपे निर्माण कार्य कराने की चेष्टा की। समय रहते इसकी सूचना मिलते ही तहसील के नायब तहसीलदार अमित कुमार सरोज और कस्बा लेखपाल राजेश कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य बंद करा दिया। हालांकि अवैध ढंग से निर्माण कार्य कराए जाने की सूचना देने वाले स्थानीय नागरिक संदीप कुमार राजस्व टीम की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनकी शिकायत है कि राजस्व टीम को निर्माण कार्य कराने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराना चाहिए। कस्बे के ही एक अन्य नागरिक पिंकू कमलापुरी ने इसकी सूचना सांसद वीपी सरोज को दी जिस पर वे एसडीएम नेहा मिश्रा पर भड़क गए और कब्जा करने वाले के खिलाफ समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया और दोबारा किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिलने की हिदायत दी। उल्लेखनीय है कि केराकत टाउन के नरहन मोहल्ले में आराजी संख्या 2184 सार्वजनिक उपयोग का नाला है। जिस पर कस्बे का एक रसूखदार व्यक्ति पैसे के बल पर अवैध ढंग से कब्जा करना चाहता है। शिकायत है कि उसने उक्त जमीन पर मिट्टी गिराकर कुछ निर्माण कार्य करा भी लिया है जबकि उस आराजी संख्या पर कोर्ट से स्टे है।

Share Now...