जौनपुर धारा, जौनपुर। बीती देर शाम क्षेत्र के बूढ़ूपुर गांव में सड़क हादसे में साइकिल सवार एक अधेड़ की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने देर रात मृतक के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि शुक्रवार की देर शाम क्षेत्र के बूढ़ूपुर गांव के पास स्थित विद्युत उपकेन्द्र के पास गिट्टी बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से नगहरा निवासी 50 वर्षीय साइकिल सवार सीताराम बिंद नामक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ फरार हो गया। इधर हादसे की जानकारी होते ही मौके पर परिजनों और ग्रामीणों का जमावड़ा सा लग गया। लोग आक्रोशित हो उठे। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह द्वारा लाश को कब्जे में लेने से आक्रोशित लोगों ने मना कर दिया। स्थिति गंभीर देख मौके पर तहसीलदार महेंद्र सिंह और क्षेत्राधिकारी चोब सिंह भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों द्वारा मुआवजे और गांव में चल रहे शराब के ठेके अवैध मादक पदार्थों की विक्री पर रोक लगाए जाने की मांग करते हुए लाश नहीं उठने दिया। सूचना पर विधायक के पहुंचने और उनके द्वारा हर सम्भव मदद दिलाने के आश्वासन के बाद ग्रामीण शान्त हुए। मृतक की तहरीर पर देर रात पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

- छिन गया परिवार का खेवनहार
सड़क हादसे में शिकार हुए सीताराम बिंद की हुई मौत के बाद लोग परिवार के खेवनहार के चले जाने की चर्चा करते देखे गए। हर किसी के जुबान पर परिवार के परवरिश की चिन्ता साफ झलक रही थी। मृतक खेती-किसानी और मजदूरी करके किसी तरह परिवार का भरण पोषण करता था। परिवार में बहुत पहले ही मृतक की पत्नी के स्वर्ग सिधार जाने के बाद बूढ़ी मां, तीन पुत्रों व एक पुत्री की जिम्मेदारी उसके कन्धे पर थी। किसी तरह बड़े बेटे की शादी कर पाया था, शेष की जिम्मेदारियां अभी बाकी थी वहीं अपने परिवार का एकमात्र खेवनहार था। बूढ़ी मां के बारे में बताया जाता है कि वह अपने सहारे चल फिर नहीं सकती। ऐसे में कौन बनेगा परिवार का खेवनहार इसकी चिंता सभी के चेहरे पर झलक रही थी। उपजिलाधिकारी शाहगंज शैलेन्द्र कुमार द्वारा परिवार को किसान दुर्घटना बीमा के तहत पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दिलाए जाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।



