- तीन दिन के अंदर विद्यालय बंद करने का निर्देश
- नजदीकी परिषदीय विद्यालय में सभी बच्चों का नामांकन कराने को कहा
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा के निर्देश पर चल रहे गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खिलाफ अभियान के अंतर्गत बीईओ धर्मापुर अरविंद कुमार यादव ने बुधवार को धर्मापुर में विवेक शिक्षण संस्थान में पहुचकर जांच की तो उक्त विद्यालय बिना मान्यता के संचालित होता पाया गया। जिस पर बीईओ ने विद्यालय को लिखित आदेश देते हुए कहा कि तीन दिन के अंदर विद्यालय को पूर्ण रूप से बंद करें तथा यहां के सभी बच्चों का नामांकन पास के परिषदीय विद्यालय में करवाये। यदि तीन दिन के अंदर उक्त आदेश का पालन नहीं किया गया तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं बीईओ ने कई और गांवों में भी पहुंचकर गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस संदर्भ में पूछे जाने पर बीईओ अरविंद कुमार यादव ने बताया कि यह निरीक्षण अभी जारी रहेगा। क्षेत्र में कहीं भी गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालित होते पाया गया तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए विद्यालय को बंद करवाया जाएगा।


