- कभी भी आ सकती है आरक्षण सूची, बदलाव माना जा रहा तय
- नपा अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग से सामान्य होने की प्रबल संभावना
जौनपुर धारा, शाहगंज। ओबीसी सर्वे की रिपोर्ट ने राजनीतिक दलों व दावेदारों की धड़कनों की रफ्तार बढ़ा दी है। नगर पालिका अध्यक्ष सीट पिछले कई चक्र से पिछड़ी जाति व पिछड़ी जाति महिला की रही है। फिलहाल सबसे ज्यादा टिकट की मारामारी सत्ताधारी पार्टी में है। केंद्र एवं राज्य से लगातार पालिका पर भाजपा का कब्जा है। लिहाजा दावेदारी बढ़ गयी है। निवर्तमान अध्यक्ष समेत आधा दर्जन उम्मीदवार लाइन में हैं जिसमें प्रमुख रुप से प्रदीप जायसवाल, ओम प्रकाश जायसवाल, शीतल प्रसाद अग्रवाल, सुनील अग्रहरि टप्पू, रुपेश जायसवाल, अनिल मोदनवाल, अरुण अग्रहरि प्रमुख रुप से दावेदारी पेश कर रहे हैं। वहीं पूर्व पालिकाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्त बसपा से मैदान में उतर सकते हैं। सपा पूर्व पालिकाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह के पुत्र वीरेंद्र सिंह बंटी पर दाव लगा सकती है। वहीं आईएमईआई ने रमाशंकर यादव उर्फ झूरी एव जनता दल यूनाइटेड से एजाज अली प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं।
सबसे ज्यादा मारामारी भाजपा के टिकट के लिए चल रही है। निवर्तमान अध्यक्ष समेत आधा दर्जन से ज्यादा लोग लाइन में हैं। किसी को भाजपा नेताओं पर भरोसा है तो कोई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शरण में हैं। बताया तो यहां तक जा रहा है एक नेता का जुगाड़ गुजरात तक निकल गया है। यहां अपने लोगों को लगा दिया गया है। हालांकि टिकट को जीत की पहली सीढ़ी बताया जा रहा है। वहीं सपा बसपा, जनता दल यूनाइटेड एवं एआईएमआईएस भी पूरा जोर लगायेंगे। दो बार भाजपा से पति-पत्नी अध्यक्ष रहे पुन: बसपा से मैदान में उतरने को बेकरार है। बताया जाता है कि किन्ही कारणों से बसपा ने टिकट नहीं दिया तो निर्दल मैदान में आयेगें। फिलहाल सब कुछ आरक्षण पर टिका है। यदि सीट सामान्य हुई तो चुनाव बेहद दिलचस्प होने वाला है।
वर्ष 1995-2000 तक भाजपा के जय प्रकाश गुप्त अध्यक्ष रहे। इस वर्ष आरक्षण पिछड़ा पुरुष था। 2000-2005 तक भाजपा की सुमन गुप्ता अध्यक्ष रहीं। इस बार आरक्षण ओबीसी महिला था। 2005-2010 तक भाजपा के ओम प्रकाश जायसवाल अध्यक्ष रहे। इस वर्ष ओबीसी पिछड़ा आरक्षित रहा। 2012 से 2017 तक जितेंद्र सिंह अध्यक्ष रहे। इस बार सामान्य सीट थी। 2017 से 2022 तक पुन: भाजपा की गीता जायसवाल चेयरमैन रहीं। इस बार ओबीसी महिला सीट रही। इस बार सामान्य सीट होने की प्रबल संभावना बतायी जा रही है।


