- पेड़ो की नीलामी आज
जौनपुर धारा, जौनपुर। अपर जिला जज/नीलामी समिति अध्यक्ष ने अवगत कराया कि जनपद न्यायालय परिसर में स्वीकृत 16 कोर्ट रूम के निर्माण में बाधक पेड़ों को काटने की अनुमति प्रदान है। जिसके अन्तर्गत 9 अशोक, 5 सागौन, 2 नीम, 1 पीपल, 1 गुलर तथा 7 यूकेसिप्टस के पेड़ों की कटान हेतु नीलामी 10 अगस्त को होगी।
- बैठक कल
जौनपुर धारा, जौनपुर। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कर करेत्तर कार्यो की माह जुलाई से सम्बन्धित समीक्षा बैठक 11 अगस्त को अपरान्ह् 4 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गयी है।
- सिर पर मैला ढोने की प्रथा एक घृणित कार्य : धीरेंद्र वाल्मीकि
जौनपुर धारा, जौनपुर। सदस्य राज्य निगरानी समिति उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ धीरेंद्र कुमार वाल्मीकि ने निरीक्षण भवन लोनिवि में कहा कि मैनुअल स्केवेंजिंग एक्ट 2013 के तहत सिर पर मैला ढोने होने एवं हाथ से मैला उठाने की प्रथा एक घृणित कार्य है जिसके तहत ऐसे संज्ञेय मामलों में एक वर्ष का कारावास एवं जुर्माने का प्राविधान है। अगर कोई भी अधिकारी अथवा व्यक्ति ऐसा करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। यह अधिनियम हाथ से मैला ढोने को रोजगार के तौर पर प्रतिबंधित करता है इस अधिनियम के तहत सरकार सर्वे कराते हुए उनके पुनर्वास की दिशा में कार्य कर रही है। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीवर टैंकों में सफाई के दौरान किसी की मृत्यु न हो इसे सुनिश्चित करने के लिए शासन द्वारा इस रोजगार से जुडे़ लोगो को सुरक्षात्मक उपकरण एवं आवश्यक किट भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की मंशा है कि वाल्मीकि समाज/स्वच्छता समाज को एक समान विचारधारा के साथ उनके उत्थान हेतु शासन प्रयासरत है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि समाज के आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति को अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने हेतु अपना सहयोग प्रदान करें।
- अंग्रेजों ने साजिश कर बिरसा मुंडा की की हत्या : हरिराम
जौनपुर धारा, जौनपुर। सरायख्वाजा क्षेत्र के मनबल गांव में आदिवासी दिवस एवं बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर वन मानुष व मुसहर सभा का आयोजन किया गया। जिसमें अतिथियों ने बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सभी जाति जनजाति आदिवासी के लिए अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चा खोला और अन्य के लिए संघर्ष किया। विश्व आदिवासी दिवस एवं बिरसा मुंडा के पुण्यतिथि पर भारतीय आदिवासी वनवासी कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष बेनी प्रसाद बनवासी ने संबोधित करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा को 25 वर्ष की उम्र में 3 फरवरी वर्ष 1900 में चक्रधरपुर के जंमकोपाई जंगल से अंग्रेजों ने गिरफ्तार कर लिया, रांची के जेल में बंद किया, 9 जून वर्ष उन्नीस सौ में अंग्रेजों ने साजिश कर उनकी हत्या जेल में कर दी। अध्यक्षता कर रहे हैं हरीराम वनवासी ने कहा कि मुसहर व आदिवासी समाज आधा पेट भेजन करें बच्चों को पढ़ाएं तभी उनका विकास हो सकता है। इस अवसर पर सुखराम, राम निहोर, रामकेश, दशरथ बनवासी, राम आशीष, रामाश्रय, चंदू, साठीराम, उमा लाल मौजूद रहे।
- क्रांति स्तंभ पर आम आदमी पार्टी ने अर्पित किया पुष्प
जौनपुर धारा, जौनपुर। आम आदमी पार्टी की स्थानीय इकाई ने बुधवार को कार्यकर्ताओं के साथ क्रांति स्तंभ पर पहुंचकर शहीदों को नमन किया। वक्ताओं ने कहाकि देश के वीरों ने जान जोखिम में डालकर स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी और बाद में सफलता भी मिली। ऐसे महान योद्धाओं को आम आदमी पार्टी नमन के साथ-साथ सदैव ऋणी रहेगा। उक्त अवसर पर पार्टी के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। विदित हो कि दिल्ली में अगस्त क्रांति आंदोलन ऐसा आक्रामक हुआ कि भीड़ बेकाबू हो गई। कहीं इमारतों को आग लगा दी गई तो कहीं भीड़ ने गोली चलाने वाले अफसर को ही मार डाला। जानें दिल्ली के लिए 9 अगस्त और 10 अगस्त 1942 का दिन इतिहास के पन्नों में कैसे दर्ज है। नई दिल्ली में भी सारे देश की तरह 9 अगस्त की क्रांति की लपटें उठी थीं।
- राम गंगा पार चले गए पर केवट मल्लाह घाट पर रह गए : ललई
जौनपुर धारा, खुटहन। राम गंगा पार चले गए पर केवट मल्लाह घाट पर ही रह गए। उक्त बातें पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने बुधवार की दोपहर पिलकिछा गाँव में आयोजित जनसभा के कार्यक्रम में कही।
पिलकिछा गाँव में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा एक जनसभा कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहाँ पहुंचे पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई का पुष्प मालाओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। पूर्व मंत्री ने एक एक कर सभी उपस्थिति कार्यकर्ताओं का हाल जाना। तत्पश्चात माँ आदि गंगे को प्रणाम कर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार सिर्फ सपने दिखाकर लोगों को ठगने का काम किया है। आज हमारे केवट मल्लाह समाज के लोगों को बहला फुसला कर ठगने का कार्य मौजूदा सरकार कर रही है। राम का नाम लेकर मौजूदा सरकार अपनी नैया तो पार कर लिए मगर इनकी स्थित में कोई सुधार नहीं हो सका। शैलेंद्र यादव ने कहा बिना किसी भेद भाव के अखिलेश यादव की सरकार ने पिछडेÞ वंचितों दबे कुचले लोगों को उठाने का काम किया है। इस मौके पर गोरख निषाद, जयशंकर यादव, शिवशंकर, रामचंद्र यादव, अनिल यादव, अशोक यादव आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजनाथ निषाद ने किया।
- माध्यमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
जौनपुर धारा, जौनपुर। प्रदेश के शिक्षक अपनी मांगों यथा पुरानी पेंशन की बहाली, वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन, तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण, नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा आदि को लेकर विगत कई वर्षों से आन्दोलित हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में अपनी मांगों के समर्थन में अनेक बार धरना, प्रदर्शन के साथ-साथ ज्ञापन के माध्यम से अपनी मांगे मुख्यमंत्री तक प्रेषित कर चुके हैं, किन्तु प्रदेश सरकार की ओर से मांगों के निराकरण के सम्बन्ध में कोई कार्यवाही न किये जाने से प्रदेश का शिक्षक समुदाय अत्यन्त क्षुब्ध एवं आहत है। बुधवार को जनपद के शिक्षक जिलाधिकारी कार्यालय तक शान्तिपूर्ण मोटर साइकिल जुलूस निकालकर अपनी मांग दोहराते हुए मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को प्रेषित किया।
- अगस्त क्रांति पर सपा ने की जन पंचायत
जौनपुर धारा, चंदवक। सपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष नीरज पहलवान की अध्यक्षता में विधानसभा के 44 सेक्टरों में अगस्त क्रांति के अवसर पर भाजपा गद्दी छोड़ो जन चौपाल का आयोजन किया। कार्यक्रम के प्रभारी संजय राजभर ने कहा कि सफाई लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक और क्रांति के लिए तैयार रहे। अध्यक्षीय संबोधन में नीरज पहलवान ने जन पंचायत के तहत हर गांव में पार्टी की नीतियों एवं सपा सरकार द्वारा कराएं गए कार्यों का विवरण गिनाते हुए भाजपा को सत्ता से उखाड़ने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर सुभाष मौर्य, रविंद्र यादव, भानु प्रताप यादव, गुड्डू यादव, शैलेंद्र यादव, सोनू पांडे, महेंद्र यादव, प्रीतम, अलाउद्दीन, लालचंद कनौजिया, सेवानंद भारद्वाज, शमशेर यादव, राजेश नाविक आदि उपस्थित रहे।
- मोटे अनाज की खेती किसानों के हित में
जौनपुर धारा, मड़ियाहूँ। स्थानीय विकास खंड के ग्राम पंचायत सराय कालिदास में किसान पाठशाला का आयोजन कृषि विभाग जौनपुर द्वारा किया गया जिसमें प्राविधिक सहायक अशोक कुमार ने बताया कि कम लागत में मोटे अनाज की खेती कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं क्योंकि इन फसलों की बुवाई से लेकर पकने तक अधिक पानी की जरूरत अन्य फसलों के अनुपात में कम होती है। इसके कारण मोटे फसल की खेती ग्लोबल वार्मिंग से लड़ाई में मददगार साबित हो रहे हैं। कई बार मानसून समय से आता है कई बार देर से पहुंचता है तो कई बार सूखे की स्थिति बन जाती है। ऐसे में इन जगहों पर मोटा अनाज जैसे ज्वार बाजरा कोदो आदि की खेती कर किसान अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सकते हैं। मोटा अनाज का क्रेज आज विश्व में बढ़ रहा है। मोटे अनाज की खेती करने में लागत के साथ खर्च भी कम आता है। उन्होंने किसानों से मोटे अनाज की खेती का आह्वान किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान विनोद कुमार यादव, प्रगतिशील किसान त्रिलोकीनाथ मिश्रा, आशीष मिश्रा, महेंद्र विश्वकर्मा सहित दर्जनों की संख्या में किसान मौजूद रहे।



