- करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
जौनपुर धारा, जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के वाजिदपुर तिराहे के पास स्थित एक मैरिज हाल में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के बलुआघाट मोहल्ला निवासी राजन निषाद 19 वर्ष पुत्र अखिलेश निषाद रविवार को दिन में लगभग 11:00 बजे एक वैवाहिक कार्यक्रम में मैरिज हॉल में काम करने के लिए गया था और बिजली का चेंज ओवर बदलने के लिए गया इसी दौरान उसमें से करंट उतर रहे करंट की चपेट आ गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
- बाइक की आमने सामने भिड़ंत में चार घायल
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत चिरैया मोड़ के समीप सड़क दुघर्टना में आमने सामने बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से इलाज हेतु सभी घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। क्षेत्र के अयोध्या मार्ग स्थित चिरैया मोड़ पर शनिवार की देर रात दो बाइको की आमने सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार पवई थाना क्षेत्र के खैरूदीनपुर गांव निवासी 22 वर्षीय आकाश यादव पुत्र यशवंत यादव व 21 वर्षीय अखिलेश यादव पुत्र प्रेम चंद व जौनपुर के सिपाह मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय नेहाल अहमद व 25 वर्षीय बेलाल अहमद पुत्र जलाल अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से चारों घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों युवकों की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
- संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत
जौनपुर धारा, केराकत। कोतवाली अंतर्गत थानागद्दी पुलिस चौकी क्षेत्र के खर्गसेनपुर गाँव में शनिवार की देर शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। खर्गसेनपुर गाँव निवासी 26 वर्षीय शोभनाथ राम की संदिग्ध परिस्थिति में घर के कमरे में फंदे के सहारे लटकता शव मिला था। शोभनाथ का पत्नी राजदेवी से विवाद के चलते उसके मायके वाले लहंगपुर थाना जलालपुर से आये हुए थे। शोभनाथ व ससुरालजनों में विवाद होने के बाद बाइक व पत्नी को ससुरालजन साथ लेकर चले गये थे। घर वाले खेत में धान की रोपाई करने गये थे। देर शाम स्वजन घर लौटे तो फंदे के सहारे शोभनाथ को लटकता देख उतार कर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस चौकी पर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। चौकी प्रभारी युगल किशोर राय ने कहाकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की करवाई की जाएगी।
- वाहन के तेज रफ्तार ने मिटाया नवविवाहिता के मांग का सिंदूर
जौनपुर धारा, जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव में चंद दिनों पूर्व ब्याही दुल्हन के हाथ की मेहंदी का रंग उतरने से पहले ही सुहाग उजड़ गया। मौत का कारण तेज रफ्तार से चल रही वाहन बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सलारपुर गांव निवासी हवालदार 26वर्ष पुत्र हरिहर प्रसाद रविवार दिन की सुबह लगभग 10:00 बजे अपनी बाइक से फर्नीचर का काम करने बदलापुर जा रहा था। हवलदार हाईवे से निकलते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के हवाले से मालूम हुआ कि इसी वर्ष के 21मई को उसका विवाह हुआ था। इस दुर्घटना के बाद हवलदार की हुई मौत से पूरे गांव में जहां शोक की लहर दौड़ गई वहीं सुहाग उजड़ जाने के कारण उसके आंखों पर आंसू थम नहीं रहे। दूसरी तरफ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- मालगाड़ी की चपेट में आने से छात्र की मौत
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत पश्चिमी कौड़िया पक्का पोखरा समीप रेलवे क्रासिंग के रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की रविवार की सुबह मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सरपतहां थाना क्षेत्र के भुसौड़ी गांव निवासी 19 वर्षीय शिवम पाल पुत्र शैलेन्द्र पाल रविवार की सुबह पक्का पोखरे समीप रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गया जिसमें उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की सूचना परिजनों को दी। मौत की खबर सुनकर परिजनों मे कोहराम मच गया। मृतक शिवम अपने परिवार का इकलौता पुत्र था जो अम्बेडकरनगर जनपद के टांडा रजत कालेज आफ फार्मेसी में बीफार्मा कर रहा था। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया।
- पंप सेट के पट्टे में साड़ी फँसने से विवाहिता की हुई मौत
जौनपुर धारा, जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र के परमालपुर गांव निवासी प्रमिला यादव 30 वर्ष पत्नी समर बहादुर यादव घर में लगे पंपसेट के पट्टे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते तब तक उसकी मौत हो गई। चर्चा है कि घर में ही पंपसेट लगा था जिससे धान की सिंचाई हो रही थी। रविवार की दोपहर प्रमिला उक्त पट्टे की चपेट में आ गई जिससे उन्हें गंभीर चोटे आई जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते तब तक उनकी दर्दनाक मौत हो चुकी थी। वही परिवार के लोग बगैर पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार में जुट गये। विवाहिता को तीन बच्चे सूरज यादव 18 वर्ष रोहित यादव 15 वर्ष व खुशी 13 वर्ष की थी। विवाहिता के पति रोजी रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहकर नौकरी करता है। घटना के सम्बन्ध में किसी ने थाने पर सूचना नहीं दी और न कोई तहरीर दी गई। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि मुझे घटना की जानकारी नहीं हैं।
- दो भाइयों के विवाद में एक की हुई मौत
जौनपुर धारा, सुजानगंज। स्थानीय क्षेत्र के भैंसारामपुर गांव के पटेल बस्ती में दो भाइयों के विवाद में एक भाई की जान चली गई। बताया जाता है कि गांव में जल निकासी को लेकर हुए विवाद में एक भाई ने राम सिंह पटेल पुत्र पारसनाथ पटेल उम्र 50 वर्ष को मारपीट कर घायल कर दिया जिससे उसकी हो गयी। मृतका की पत्नी सोहगइला देवी (चंद्रावती) ने लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि विनोद के ललकारने पर रामकरन और सुमित्रा ने ईट पत्थर से मारपीट कर हत्या की है। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि विवाद जरुर हुआ था, लेकिन उनकी मृत्यु पत्थर पर फिसल कर गिरने से हुई है। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई कर पोस्टमार्टम हेतु भेज कर घटना की आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। प्रभारी निरीक्षक सै. मुतंजर ने बताया कि घटना में अधेड़ की मौत हुई है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विभिन्न धाराओं में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।



