- विवादित जमीन पर पशु न बांधने की करने गया था शिकायत
जौनपुर धारा, बरसठी। थाना क्षेत्र के कांटी गांव में शनिवार की देर शाम विवादित जमीन पर पशु न बांधने की उलाहना देने गए 32 वर्षीय युवक की लाठी-डंडे से पीटकर कर हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। युवक की मौत से स्वजनों में कोहराम मच गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मारपीट की घटना में दोनों पक्षों से कुल चार लोग घायल बताए जा रहे है। मृतक के पिता हरिश्चंद्र ने आरोपियों के खिलाफ थाने में लिखित तहरीर दी है। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के कांटी गांव में मृतक फूलचंद गौतम पुत्र हरिश्चंद्र का अपने पड़ोसी सगे चाचा लालचंद से घर के पीछे ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा को लेकर विवाद चल रहा है। विवादित जमीन पर लालचंद ने गाय बांध दिया था। आरोप है कि गाय ने फूलचंद की लड़की को मार दिया। बताया जा रहा है कि जब शाम को फूलचंद राजगीर का काम कर घर लौटा तो जानकारी हुई। वह अपने सगे चाचा लालचंद से गाय न बांधने की बात करने उनके यहां गया था। आरोप है कि पड़ोसी सगे चाचा व उनके परिजन तू-तू मैं-मैं करते हुए धक्का-मुक्की पर आमादा हो गए। इसी बीच बात बढ़ी और लाठी-डंडे से जमकर मारपीट होने लगी। मारपीट में चाचा ने अपने परिजनों संग भतीजे को बेहरमी से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया जिससे उसके सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अचेत होकर गिर पड़ा। स्वजनों द्वारा आनन-फानन में सीएचसी ले जाया गया जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने अन्यत्र रेफर करने लगे लेकिन स्वजनों ने भदोही स्थित किसी निजी अस्पताल में इलाज के लिए जैसे ही निकले थे कि बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है की मृतक फूलचंद विवादित जमीन के रास्ते में पशु न बांधने के लिए कई बार मना कर चुका था। घटना की जानकारी होते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। घटना के अगले दिन रविवार की सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है। मृतक फूलचंद को दो बेटियां मानसी 7 वर्ष व ममता 5 वर्ष के अलावा एक डेढ़ वर्ष का पुत्र है। पुलिस आरोपियों की खोजबीन में लगी है। घटना को लेकर गांव में तनाव व्याप्त है।



