युवक का शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम
जौनपुर धारा, जौनपुर। बुजुर्ग महिला के दाह संस्कार के लिए गए सोनबरसा रसड़ा निवासी युवक की ट्रैक्टर से गिरकर हुई मौत के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां व अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक का दाह संस्कार कर दिया गया।
सोनबरसा रसड़ा निवासी भोभल राजभर का 26वर्षीय पुत्र सुनील पड़ोसी बुजुर्ग महिला बसंता देवी का दाह संस्कार करने औड़िहार घाट पर शुक्रवार शाम गया था। जहां से वापस आते समय खानपुर थानाक्षेत्र के घोघवा गांव के पास ट्रैक्टर से गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-पिता सहित परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। युवक का दाह संस्कार कर दिया गया।
मनरेगा भुगतान न होने पर प्रधानों ने किया कार्य का बहिष्कार
जौनपुर धारा, जौनपुर। सिरकोनी ब्लॉक परिसर में शनिवार को प्रधान संघ के अध्यक्ष मनोज यादव की अध्यक्षता में प्रधानों की एक बैठक की गई। जिसमें प्रधानों के मनरेगा का भुगतान तीन महीनों से नही किया गया, जिससे प्रधानों में आक्रोश व्याप्त है।
मनोज यादव ने बताया कि तीन महीनों से मनरेगा का भुगतान नही किया गया है। मजदूर हमेशा पैसा मांगते है हम लोग पैसा कैसे दें, व ऑडिट व जांच के नाम पर प्रधानों का शोषण व वसूली की जा रही है। कच्चे कार्य के स्वीकृति के लिए सिर्फ वसूली का काम चल रहा है। मनरेगा टीए राणा रणविजय सिंह द्वारा प्रधानों को अपमानित किया जा रहा है। इसी सभी मुद्दों को लेकर हम प्रधान संघ ने बैठक कर निर्णय लिया कि मनरेगा कार्य का आज से बहिष्कार करेंगे। इस मौके पर रेनू निषाद, राजेश निषाद, सावित्री देवी, अमर नाथ यादव, अनिल सरोज, वीरेंद्र सिंह चौहान, मृत्युंजय यादव, साहब लाल, फेरुराम सरोज, दौलत सिंह चौहान, मनोज यादव, सचिन प्रजापति, सुनील कुमार, अशोक कुमार, राजकुमार आदि लोग उपस्थित रहें।
नाले में मिली अज्ञात व्यक्ति की लाश, फैली सनसनी
जौनपुर धारा, जौनपुर। सुइथाकला थाना क्षेत्र के अढ़नपुर गांव के एक नाले में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने से सनसनी फ़ैल गई। शव की स्थिति इस कदर खराब थी कि उसकी पहचान मौके पर नहीं हो सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस लाश को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
शनिवार सुबह उक्त गांव के नाले में एक अज्ञात की लाश मिली। लोगों द्वारा इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। लाश की स्थिति इस कदर खराब थी कि मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। कद काठी से किसी अज्ञात पुरूष की लाश की आशंका जताई जा रही थी। फिलहाल सूचना पर पहुंची पुलिस लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। इधर लाश मिलने पर लोगों में सनसनी फ़ैल गई है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस पर 15 प्रार्थना पत्रों का हुआ निस्तारण
जौनपुर धारा, शाहगंज। तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। जिसमें फरियादियों ने कुल 73प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। मौके पर 15 प्रार्थना पत्र का निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्र सम्बंधित विभाग को सौंप जल्द से जल्द निस्तारण करने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान तहसीलदार आशीष कुमार, नायब तहसीलदार संदीप कुमार, शैलेन्द्र कुमार, नपा अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरि समेत सर्किल के सभी थानाध्यक्ष व राजस्वकर्मी आदि मौजूद रहे।
तमंचा-कारतूस के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार
जौनपुर धारा, खुटहन। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के डड़वा गांव से शनिवार की भोर में बदलापुर-खुटहन पुलिस की संयुक्त टीम ने वांछित चल रहे पिता-पुत्र को तमंचा-कारतूस के साथ गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली की खुटहन थाने में संगीन धाराओं में वांछित चल रहे पिता समरनाथ पुत्र देवराज व पवन पुत्र समरनाथ अपने घर पर मौजूद हैं। जिसपर एसओ खुटहन अरविन्द सिंह व एसआई बृजेश मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम उसके घर पहुंच गयी। जहां घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों के पास से एक-एक अदद तमंचा तथा एक-एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर दोनों का चालान न्यायालय भेज दिया।



