Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरअकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई ईद की नमाज़

अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई ईद की नमाज़

  • डीएम-एसपी ने सड़कों पर उतरकर लिया सुरक्षा का जायजा

जौनपुर। गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करते हुए जौनपुर जनपद में आज ईद-उल-फितर का पर्व पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। एक ओर जहाँ मस्जिदों और ईदगाहों में हज़ारों अकीदतमंदों ने मुल्क की तरक्की और अमन-चैन की दुआ मांगी, वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी मुस्तैदी दिखाई।

त्योहार के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह लगातार भ्रमण पर रहे। अधिकारियों ने मछलीशहर पड़ाव स्थित शाही ईदगाह और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, भीड़-प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निकाय क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आम जनमानस से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें ईद और चैत्र नवरात्रि की हार्दिक बधाई दी। पुलिस अधीक्षक ने कड़े निर्देश दिए कि निरंतर चेकिंग अभियान चलाया जाए और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर पैनी नजर रखी जाए। प्रशासन ने पहले ही अपील की थी कि सड़कों पर नमाज़ अदा न की जाए, जिसका व्यापक असर दिखा और नमाज़ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

  • आस्था और भाईचारे का अनूठा संगम

शाही ईदगाह में हज़ारों की संख्या में लोगों ने नमाज़ अदा की, जिसके बाद एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी गई। शहर की प्रमुख मस्जिदों जैसे बड़ी मस्जिद और अटाला मस्जिद में भी बड़ी संख्या में नमाजी जुटे। सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही थी। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईपीएस, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट और अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।