दो दिवसीय प्रशिक्षण में बाल विवाह और सामाजिक कुरीतियों के प्रति किया जागरूक
सुजानगंज, जौनपुर। बेलवार स्थित शिवम सार्वजनिक जूनियर हाईस्कूल परिसर में नारी चेतना फाउंडेशन की हौसला परियोजना के तहत किशोरियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें 40 किशोरियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें मानवाधिकार, लैंगिक समानता और सामाजिक भेदभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षक मनीष ने खेल और संवाद आधारित गतिविधियों के माध्यम से किशोरियों को जागरूक किया। उन्होंने बेटा-बेटी के बीच भेदभाव समाप्त करने और दोनों को समान अवसर देने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए जागरूकता को महत्वपूर्ण बताया।
प्रशिक्षण में सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती देने और किशोरियों की निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। प्रतिभागियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा परिवार और समाज में समानता की भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर किशोरियों ने अपने व्यक्तिगत विकास के साथ परिवार और गांव की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य किशोरियों में अधिकारों के प्रति समझ विकसित करना और उन्हें सामाजिक मुद्दों पर जागरूक बनाना रहा।
इस अवसर पर मुन्नी बेगम, सकीना बानो, पूजा पांडेय, वंदना, प्रीति सिंह और मुजम्मिल हुसैन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


