शाहगंज। समाजवादी पार्टी के स्थापना दिवस पर रविवार को शाहगंज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को देखते हुए एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने का आह्वान किया।
मीडिया से बातचीत में ललई ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने की व्यवस्था की जाएगी।
स्थानीय विधायक के विकास कार्यों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि गांवों में पानी की टंकियां तो बनाई गई हैं, लेकिन उनमें पानी नहीं पहुंच रहा है। ग्रामीण पेयजल आपूर्ति शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
बसपा प्रत्याशी से संभावित नुकसान के सवाल पर ललई ने मुस्लिम समाज को धर्मनिरपेक्ष बताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मुस्लिम समाज सपा के नेतृत्व में पीडीए के हित में साथ खड़ा रहेगा।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष मिथलेश यादव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह बंटी, नगर अध्यक्ष अरशद अंसारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


