सैम बच्चों के घर गृहभ्रमण और फॉलोअप में तेजी लाने के निर्देश, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की भी समीक्षा
जौनपुर। संभव अभियान 6.0 में मुंगराबादशाहपुर विकासखंड की खराब प्रगति पर वहां के बाल विकास परियोजना अधिकारी के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति एवं जिला कन्वर्जेन्स कमेटी की बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिया गया।
सैम बच्चों के फॉलोअप में तेजी लाने को कहा
बैठक में जुलाई से सितंबर 2026 तक चल रहे संभव अभियान के साथ सैम बच्चों के गृहभ्रमण और फॉलोअप की स्थिति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को गंभीर कुपोषित यानी सैम बच्चों के घर नियमित गृहभ्रमण करने के निर्देश दिए।
आशा और एएनएम को ई-कवच पोर्टल पर सैम बच्चों के फॉलोअप और अन्य आवश्यक सूचनाओं की शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। बाल विकास परियोजना अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को भी ऐसे बच्चों के घर जाकर उनकी स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए गए।
पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती की समीक्षा
पोषण पुनर्वास केंद्र में सैम बच्चों के संदर्भन और भर्ती की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को चिन्हित सैम बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने और उनके नियमित फॉलोअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा के दौरान भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खराब प्रगति वाले अन्य परियोजना अधिकारियों के खिलाफ भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण एक सप्ताह में पूरा कराने के निर्देश
बैठक में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने निर्माणाधीन भवनों को एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए। पहले से निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यकता के अनुसार कायाकल्प के तहत मरम्मत कराने को भी कहा गया।
इसके अलावा पोषण ट्रैकर, खाद्यान्न वितरण, गृहभ्रमण, टीकाकरण और बच्चों के वजन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति में सुधार लाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी, नोडल अधिकारी एनआरसी, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी समेत सभी खंड विकास अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारी मौजूद रहे।


