पंडालों में 10 सदस्यीय सुरक्षा टीम, सीसीटीवी और अग्निशमन व्यवस्था अनिवार्य
मुंगराबादशाहपुर। दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। मुंगराबादशाहपुर थाने में पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और पंडालों की व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
थानाध्यक्ष गजानंद चौबे ने कहा कि त्योहार के दौरान हुड़दंग, विवाद और अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूजा समितियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की। तहसीलदार सुरेंद्र कुमार वर्मा ने भी आवश्यक निर्देश दिए।
प्रशासन ने प्रत्येक पंडाल में कम से कम 10 सदस्यों की सुरक्षा टीम बनाने, सदस्यों और पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने तथा व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने को कहा। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, बालू-पानी की बाल्टियां और पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था रखना अनिवार्य होगा।
प्रतिमाओं की निर्धारित ऊंचाई, ध्वनि मानकों और महिलाओं के लिए अलग कतार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। नशे पर रोक के साथ नृत्य और आर्केस्ट्रा कार्यक्रमों की अनुमति नहीं होगी, जबकि धार्मिक जागरण कराया जा सकेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष कपिलमुनि ने विशेष सफाई, चूना छिड़काव और देर रात तक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था का भरोसा दिलाया। स्वास्थ्य विभाग ने भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी रखने की बात कही।


