डिजिटल उपस्थिति, आधार सत्यापन और नवीन नामांकन शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश
जौनपुर। विकासखंड मुंगराबादशाहपुर के परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधार के साथ विद्यार्थियों की डिजिटल उपस्थिति, आधार सत्यापन और नवीन नामांकन को शत-प्रतिशत पूरा कराने पर जोर दिया गया। सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र के सभागार में प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं और विद्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। एनबीएमएमसी पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के विश्लेषण के साथ यू-डायस पोर्टल पर विद्यार्थियों का आधार सत्यापन और नवीन नामांकन पूरा कराने को कहा गया। प्रेरणा पोर्टल पर समय-सारिणी और बच्चों की डिजिटल उपस्थिति नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने स्मार्ट क्लास के माध्यम से शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने और डिजिटल लाइब्रेरी के उपयोग को बढ़ाने पर जोर दिया। प्रेरणा डीबीटी एप पर विद्यार्थियों की फोटो अपलोड करने के साथ इंस्पायर अवार्ड तथा राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा के लिए अधिक से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन कराने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर जोर
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अविनाश सिंह ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों में स्वच्छ आदतों के विकास और मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
उन्होंने विद्यार्थियों को निपुण बनाने के लिए प्रभावी शिक्षण गतिविधियों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने विद्यालयों में चल रही विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने पर जोर दिया।
अभिभावक-शिक्षक बैठक नियमित कराने के निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने एसएचवीआर और नशा मुक्त विद्यालय पोर्टल पर पंजीकरण पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आवश्यक सहयोग देने को कहा। उन्होंने विभागीय कार्यों की लंबित पेंडेंसी समाप्त करने पर भी जोर दिया।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पेंटिंग की सराहना की गई। अधिकारियों ने ऐसी रचनात्मक गतिविधियों को जारी रखने तथा प्रत्येक माह अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्यालयों में विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।


