― Advertisement ―

spot_img

महंगाई की मार और गैस किल्लत के बीच पिसती आम जनता

देश में बढ़ती गैस किल्लत और महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। जमाखोरी और प्रशासनिक विफलताओं के बीच गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।
Homeअपना जौनपुरसोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर भव्य आयोजन, कलश यात्रा से लेकर विद्यालयों तक...

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर भव्य आयोजन, कलश यात्रा से लेकर विद्यालयों तक दिखा उत्साह

जौनपुर। शासन के निर्देश पर जनपद जौनपुर में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक चेतना के साथ व्यापक रूप से मनाया गया। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में प्रशासनिक गतिविधियों से लेकर विद्यालय स्तर तक कई आयोजन हुए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

भव्य कलश यात्रा से हुई शुरुआत

पर्व की शुरुआत प्रात: 8:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी अजय अंबष्ट एवं परमानंद झा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह यात्रा डाक बंगला चौराहा होते हुए पुलिस लाइन स्थित शिव मंदिर तक पहुंची, जहां विधिवत पूजन-अर्चन और प्रसाद वितरण किया गया।

‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा वातावरण

कलश यात्रा के दौरान “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक आस्था का प्रदर्शन किया। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे।

कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ मुख्य कार्यक्रम

इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सोमनाथ मंदिर से प्रधानमंत्री और वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ धाम से मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के संबोधन का सजीव प्रसारण दिखाया गया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता और पूर्व विधायक दिनेश चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।

विद्यालयों में भी दिखा उत्साह

बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जनपद के विद्यालयों में भी “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” उत्साहपूर्वक मनाया गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया।

प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने निबंध लेखन, चित्रकला, नृत्य प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लिया। बच्चों को डिजिटल माध्यम से सोमनाथ मंदिर के इतिहास और भारतीय सांस्कृतिक विरासत की जानकारी दी गई।

जनपद भर में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन

पर्व के अवसर पर जनपद की सभी तहसीलों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में स्थित शिव मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। साथ ही मंत्रोच्चार, ओंकार जाप, रुद्राभिषेक, महाआरती, दीपोत्सव और भजन-कीर्तन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विद्यालयों में पेंटिंग, रंगोली और अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं। पूरे जनपद में यह पर्व भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्र स्वाभिमान के संदेश के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

Share Now...