डीएम ने अधिकारियों को मौके पर जांच कर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश
जौनपुर। कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 89 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें आठ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भूमि विवाद और राजस्व संबंधी शिकायतें उठीं
ग्राम कुछमुछ निवासी शशिकान्त ने भीटा की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। इस पर डीएम ने संबंधित कानूनगो को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हरबसपुर निवासी राजकुमार यादव ने चकमार्ग पर मिट्टी का कार्य कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। मामले में खंड विकास अधिकारी को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
नासही, जफराबाद निवासी दयाशंकर ने अपनी भूमिधरी आराजी पर जोताई-बोआई में विपक्षियों द्वारा बाधा डालने की शिकायत की। वहीं, जमीन पकड़ी निवासी रामकेश यादव ने खतौनी में नाम गलत दर्ज होने का मामला उठाया। डीएम के निर्देश पर नाम में सुधार कराया गया और संशोधित खतौनी लाभार्थी को उपलब्ध कराई गई।
सैदपुर गडऊर निवासी सुरेंद्र ने नया मकान बनाने से रोके जाने की शिकायत की। इस मामले में कानूनगो को जांच कर निस्तारण के निर्देश दिए गए।
शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत देने पर जोर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में दोनों विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, एसडीएम सदर योगिता सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


