जौनपुर धारा, खुटहन। रसूलपुर सेवईं नाले के पास रविवार की देर रात पूर्वांचल के कई जिलों में गो-हत्या व तस्करी के पर्याय बने बदमाशों और पुलिस के बीच हुई, मुठभेड़ में पुलिस ने चार अंतर जनपदीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के द्वारा सुरक्षात्मक जवाबी फायिंरग में एक बदमाश के पैर में गोली लग जाने से वह घायल हो गया। जिसे पुलिस अभिरक्षा में जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भेज दिया गया है। यह सफलता खुटहन व सरपतहा थाना पुलिस के साहस व तत्परता के बल पर मिली है। आवश्यक लिखापढ़ी के बाद आरोपितों को चलान न्यायालय भेज दिया गया। खुटहन थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह हमराहियों संग चौराहे पर गश्त कर रहे थे।तभी उन्हें आरटी सेट व दूरभाष पर सूचना मिली कि सरपतहा क्षेत्र के पट्टी नरेंद्रपुर बाजार से एक पिकअप वाहन गोवंशीय लेकर खुटहन की तरफ जा रहे हैं। जिस पर गो-तस्कर भी सवार है। पिकअप का पीछा थाना अध्यक्ष सरपतहा मनोज कुमार सिंह हमराहियों संग कर रहे हैं। जानकारी मिलते ही सामने से खुटहन पुलिस ने उक्त नाले के पास घेराबंदी कर दिया। सामने पुलिस का वाहन खड़ा देख तस्करों ने अपना पिकअप गांव के कच्चे रास्ते पर मोड़ दिया। दोनों थाने की पुलिस भी उसी तरफ मुड़ गई। थोड़ी दूर जाकर पिकअप का पहिया गड्ढे में फंस गया। पुलिस के द्वारा उन्हें आत्मसमर्पण को कहा जा रहा था कि तभी एक बदमाश ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। गोली थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह के बुलेट प्रूफ जैकेट में जा लगी। पुलिस के द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के बायें पैर में गोली लग गई। वह घायल होकर गिर गया। पुलिस के जवानों ने घेराबंदी कर चारों तस्करों को हिरासत में ले लिया। उनके पास से एक तमंचा, दो खोखा, एक मिस कारतूस, पिकअप वाहन व उस पर लदे दो गोवंशीय तथा 13 सौ नकदी बरामद किया गया। पैर में गोली लगने से घायल गोतस्कर राहुल यादव निवासी तालबेला थाना चोलापुर वाराणसी को उपचार हेतु भेजा गया। इसके अलावा आजाद यादव निवासी मझगवां कला जलालपुर, उस्मान निवासी सैदगोरारी थाना खेतासराय व इसी गांव निवासी अरमान को गिरफ्तार कर चलान न्यायालय भेज दिया गया।गिरफ्तार किए गए सभी बदमाश वाराणसी, चंदौली के अलावा जौनपुर के कई थानों में गो-हत्या, तस्करी, पशुक्रूरता, आर्म्स एक्ट, धोखेबाजी व जान लेवा हमले में के आरोप में वांछित चल रहे थे। गिरफ्तार करने वाली टीम में खुटहन थाना अध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह, सरपतहा थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, उप निरीक्षक सत्येन्द्र नारायण सिंह, कांस्टेबल अजय कुमार, आकाश निषाद, कपिल पासवान, सोनू मौर्या शामिल रहे।
― Advertisement ―
E-Paper 15-04-2026
JAUNPUR DHARA E-PAPER📅 Date: 15 April 2026 | 📍 Jaunpur, Uttar Pradesh💻 Website: www.jaunpurdhara.com
Jaunpur News : मुठभेड़ में चार अंतर जनपदीय गो-तस्कर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली



