जौनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। रामधुन और विचार गोष्ठी के माध्यम से उनके जीवन, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। प्रशासनिक कार्यों में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की ओर से प्रदर्शनी लगाई गई। जिलाधिकारी ने चरखा चलाया और खादी उत्पादों की खरीदारी कर लोगों को स्वदेशी वस्त्र अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद डीएम, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया और मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण किया। खरका तिराहे पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया।
जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने सैयद अलीपुर स्थित वृद्धाश्रम में स्कूली बच्चों के साथ बुजुर्गों को फल वितरित किए। उन्होंने बुजुर्गों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
जिले के राजकीय भवनों पर सुबह नौ बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। मलिन बस्तियों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई कराई गई और चूने का छिड़काव किया गया। विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए।
विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा और विचार गोष्ठी हुई। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह, पूर्व कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ अध्यक्ष शिवमोहन श्रीवास्तव, वर्तमान अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीता सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


