- महिला चोर गिरोह पर आरोप, बहन की शादी में जा रही थी पीड़िता
जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से सफर कर रही एक महिला के पर्स से लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में सक्रिय महिला चोर गिरोह को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुरैला गांव निवासी भावना तिवारी पत्नी चंद्र प्रकाश तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 22 जून की दोपहर अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए सिपाहा चौराहे पर पहुंची थीं।
वहां से वह ई-रिक्शा के माध्यम से बदलापुर पड़ाव जा रही थीं। पीड़िता के अनुसार रास्ते में पांच महिलाएं अपने दो बच्चों के साथ उसी ई-रिक्शा में सवार हो गईं। इनमें दो महिलाएं नकाब पहने हुई थीं। सफर के दौरान कुछ महिलाएं लगातार अजीब हरकतें कर रही थीं, जिससे उनका ध्यान भटक गया।
इसी दौरान महिला चोरों ने उनके पर्स में रखी सोने की चेन, सोने की अंगूठी और कान की बाली पर हाथ साफ कर दिया। बदलापुर पड़ाव पहुंचने पर जब भावना तिवारी ने अपना पर्स देखा तो उसका मुंह खुला मिला और उसमें रखे सभी जेवरात गायब थे। इसके बाद उन्हें चोरी की जानकारी हुई।
पीड़िता ने तत्काल शहर कोतवाली पहुंचकर घटना की सूचना दी और तहरीर सौंपी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध महिला गिरोह की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

