Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरभारी बारिश के बीच देर रात शहर में निकले डीएम

भारी बारिश के बीच देर रात शहर में निकले डीएम

जलभराव और जर्जर भवनों का लिया जायजा, गोमती का जलस्तर सामान्य मिला

जौनपुर। भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने रविवार देर रात शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर जलभराव, जल निकासी, गोमती नदी के जलस्तर, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बारिश से उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, हनुमान मंदिर के समीप, पॉलिटेक्निक चौराहा, बदलापुर पड़ाव, ओलन्दगंज स्थित राजा साहब की बिल्डिंग और गोमती नदी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

जर्जर भवनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शहर में चिन्हित जर्जर भवनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को ऐसे भवनों के संबंध में तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही विधिक प्रक्रिया के तहत सुरक्षित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जल्द पूरी कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने जर्जर भवनों में रह रहे लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

गोमती का जलस्तर सामान्य, सफाई पर जताई नाराजगी

गोमती नदी क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान रात्रि में जलस्तर सामान्य स्थिति में पाया गया। हालांकि शहर के कुछ स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए।

आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए जिलाधिकारी ने शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

आवारा पशुओं को गौशालाओं में संरक्षित कराने को कहा

निरीक्षण के दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे आवारा पशुओं की स्थिति पर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने आवारा पशुओं को तत्काल पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बारिश के दौरान जल निकासी, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।