Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरबारिश में भरभराकर गिरे तीन कच्चे मकान, एक घायल

बारिश में भरभराकर गिरे तीन कच्चे मकान, एक घायल

गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब, प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और आवास की मांग की

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के हडही गांव में लगातार हो रही बारिश और तेज हवा के चलते रविवार की शाम अलग-अलग स्थानों पर तीन कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में विनोद कुमार घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें निजी चिकित्सक के यहां ले जाकर उपचार कराया।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी विनोद कुमार, अमरासी पत्नी स्व. शिवराम और वीरेंद्र कुमार गौतम के कच्चे मकान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गए थे। अचानक तीनों मकान धराशायी हो गए। मकान गिरने से घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई समेत अन्य गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया।

तीन परिवारों के सामने रहने का संकट

अचानक मकान गिरने से तीनों परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित परिवार फिलहाल खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। लगातार बारिश के कारण मलबे में दबे सामान को निकालने में भी परेशानी हो रही है।

परिजनों के अनुसार वे कच्चे मकानों में रहकर किसी तरह बारिश के दिनों को गुजार रहे थे। लगातार बारिश से मकानों की दीवारें और नींव कमजोर हो गईं। इसके बाद अचानक मकान गिरने से वर्षों से जुटाई गई गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया।

ग्राम प्रधान ने लिया नुकसान का जायजा

हादसे की जानकारी परिजनों ने ग्राम प्रधान को दी। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। हादसे में घायल विनोद कुमार का निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा अन्य सरकारी योजना के तहत पक्का आवास उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।