जौनपुर। भेला गांव में रविवार सुबह डिजिटल लाइब्रेरी संचालक का शव पेड़ की डाल से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ऊंचगांव के जमौली मजरे की अनुसूचित बस्ती निवासी संतोष (35) के रूप में हुई। वह करीब तीन माह से घर से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।
संतोष जमौली बाजार में डिजिटल लाइब्रेरी चलाता था। परिजनों के अनुसार, बीते जुलाई माह में वह किसी को कुछ बताए बिना घर से चला गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर स्वजन ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
रविवार सुबह भेला बस स्टॉप के पास एक निर्जन स्थान पर ग्रामीणों ने पेड़ की डाल से शव लटका देखा। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी होने पर मृतक के स्वजन भी वहां पहुंच गए।
परिजनों ने घटना को लेकर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। वहीं, घटना के बाद गांव में संतोष के लापता होने को लेकर कर्ज और प्रेम-प्रसंग सहित विभिन्न चर्चाएं होती रहीं। हालांकि इन चर्चाओं की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारण का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


