― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरJaunpur Dhara News :  एकलव्य स्टेडियम में आयोजित हुआ फुटबाल प्रतियोगिता

Jaunpur Dhara News :  एकलव्य स्टेडियम में आयोजित हुआ फुटबाल प्रतियोगिता

जौनपुर धारा,जौनपुर। खेल विभाग एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालिका फुटबाल प्रतियोगिता 11 से 18 अगस्त तक जनपद जौनपुर के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में स्थित एकलव्य स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। जिसमें प्रदेश के 17 मण्डलों की बालिका फुटबाल टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता लीग कम नाक आउट के आधार पर हो रही है, जिसमें कुल 40 मैच खेले जायेंगे। प्रतियोगिता का फाइनल मैच 18 अगस्त को होगा। प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालिका फुटबाल प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव के कर-कमलों द्वारा सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि का स्वागत डॉ.अतुल सिन्हा, क्रीड़ा अधिकारी एवं डॉ.संतलाल यादव द्वारा बुके प्रदान कर किया गया। मुख्य अतिथि को अंगवस्त्रम अंतर्राष्ट्रीय फुटबालर विनोद कनौजिया द्वारा प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के सम्मान समारोह के क्रम में चन्दन सिंह, उप क्रीड़ा अधिकारी, आरिफ नजमी, फुटबाल प्रतियोगिता पर्यवेक्षक, एम0एस0बेग, डॉ.नौशाद अहमद फुटबाल चयन समिति सदस्य, हाजी मुनव्वर प्रतियोगिता निर्णायक, राजकुमार यादव, तलवारबाजी प्रशिक्षक एवं सुजीत विश्वकर्मा, कार्यालय सहायक द्वारा माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा प्रतिभागी टीमों से परिचय प्राप्त करने के उपरान्त फुटबाल को किक मारकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। अंत में मुख्य अतिथि डॉ.अतुल सिन्हा, क्रीड़ा अधिकारी द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। उद्घाटन मैच लखनऊ बनाम गोरखपुर के मध्य खेला गया जिसमें 1-0 से लखनऊ ने जीत दर्ज किया। लखनऊ की ओर से प्रियंका ने दूसरे हॉफ के 37वें मिनट में शानदार गोल करते हुए लखनऊ को बढ़त दिलायी इसी अन्तर पर मैच समाप्त हुआ। अगला मैच बरेली व मुरादाबाद के मध्य खेला गया जिसमें बरेली 8-0 से विजेता हुई। अर्तिका एवं स्तुति ने 3-3 गोल कर हैट्रिक लगाया।

Share Now...