लाइन बाजार में स्वास्थ्य टीम ने चलाया फीवर सर्वे, डेंगू जांच और एंटी-लार्वा अभियान
जौनपुर। जिले में डेंगू के पांच मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी की रोकथाम को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। लाइन बाजार क्षेत्र में डेंगू का मरीज मिलने के बाद गुरुवार को जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम ने मरीज के घर पहुंचकर आसपास के इलाके में फीवर सर्वे और डेंगू जांच कराई। साथ ही मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर जलभराव वाले स्थानों पर एंटी-लार्वा रसायन का छिड़काव किया गया। लोगों को जागरूक करने के लिए पोस्टर चस्पा किए गए और पंपलेट भी वितरित किए गए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जिले में डेंगू के कुल पांच मरीज मिल चुके हैं। विभाग ने लोगों को सतर्क करते हुए बताया कि डेंगू मादा एडीज मच्छर के काटने से फैलता है, जो साफ पानी में पनपता है। यह मच्छर सुबह और शाम के समय अधिक सक्रिय रहता है।
तेज बुखार, शरीर और जोड़ों में दर्द, उल्टी, प्लेटलेट्स में कमी अथवा रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सरकारी अस्पताल में जांच कराने की सलाह दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने लोगों से अपील की कि डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से बचें।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू की जांच, उपचार, दवाएं, प्लेटलेट्स सहित आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव ने नागरिकों से घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और पानी जमा न होने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कूलर और गमलों का पानी नियमित रूप से बदलें, पूरी बांह के कपड़े पहनें तथा मच्छरदानी और जालियों का इस्तेमाल करें।
उन्होंने कहा कि ‘हर रविवार मच्छर पर वार, लार्वा पर प्रहार’ अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह घर और आसपास जमा पानी को हटाकर डेंगू समेत अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम में सहयोग करें।


