परौवा गांव के निरीक्षण में सफाईकर्मी के निलंबन और सचिव को नोटिस देने को कहा
जौनपुर। मुफ्तीगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत परौवा में विकास कार्यों और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह को कई खामियां मिलीं। जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी का काम धीमा मिलने और कंपोजिट विद्यालय में गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
टंकी निर्माण में देरी पर मांगा जवाब
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी की प्रगति की समीक्षा की। निर्माण कार्य में देरी मिलने पर उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम को काम जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही विलंब के संबंध में संबंधित व्यक्ति को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।
विद्यालय की सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
कंपोजिट विद्यालय परौवा के निरीक्षण में परिसर की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। शौचालय में भी गंदगी पाई गई। इस पर सीडीओ ने संबंधित सफाईकर्मी को निलंबित करने और ग्राम पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। विद्यालय की टूटी बाउंड्रीवाल को एक सप्ताह के भीतर बनवाने को भी कहा।
इसके बाद सीडीओ ने ग्राम पंचायत में बने अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। परिसर में उगी घास की सफाई कराने और व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
ग्राम चौपाल के दौरान सीडीओ ने कहा कि सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाया जाए। उन्होंने छूटे हुए पात्र लोगों को शौचालय, पेंशन, आवास, आयुष्मान भारत और राशन जैसी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार, अधिशासी अभियंता जल निगम, खंड विकास अधिकारी मुफ्तीगंज, ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान मौजूद रहे।


