― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरआजाद बिंद हत्याकांड: 24 घंटे बाद अंतिम संस्कार, 8 सहयोगी गिरफ्तार, प्रशासन...

आजाद बिंद हत्याकांड: 24 घंटे बाद अंतिम संस्कार, 8 सहयोगी गिरफ्तार, प्रशासन सख्त

परिजनों के विरोध के बाद रामघाट पर हुआ अंतिम संस्कार, आरोपियों की तलाश तेज; जनप्रतिनिधियों ने दिया भरोसा

जौनपुर। आजाद बिंद हत्याकांड को लेकर जिले में बीते 24 घंटे तक चले विरोध और प्रशासनिक वार्ता के बाद रविवार को रामघाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े हुए थे, लेकिन प्रशासन के आश्वासन के बाद वे अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।

बताया जा रहा है कि बड़ऊर गांव निवासी आजाद बिंद की शुक्रवार को बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। शनिवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया, लेकिन परिजनों ने घर के सामने शव रखकर देर रात तक विरोध प्रदर्शन जारी रखा। उनका कहना था कि जब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

प्रशासन के आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह और विधायक रमेश सिंह मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे तक चली वार्ता के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद रविवार शाम रामघाट पर मृतक के पिता ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया।

हत्या मामले में 8 सहयोगी गिरफ्तार

इसी बीच खेतासराय थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के वांछित आरोपियों को शरण देने वाले 08 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।

गिरफ्तार किए गए लोगों में रामजीत विन्द, आदित्य गौतम, कमलेश यादव, गुलशन राजभर, साहिल राजभर, सचिन राजभर, शोले राजभर और बृजमोहन विन्द शामिल हैं। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा जा रहा है।

प्रशासन सख्त, विशेष टीमें गठित

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है।

क्षेत्र में तनाव, शांति की अपील

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि प्रशासन की सक्रियता से हालात नियंत्रित हैं। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

Share Now...