जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित एवं निस्तारित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण तथ्यों एवं स्थलीय सत्यापन के आधार पर किया जाए तथा आख्या निर्धारित समय के भीतर पोर्टल पर अपलोड की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत के संबंध में शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क किया जाए और निस्तारण के बाद उसे इसकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता पर जोर
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल के प्रभावी उपयोग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, जिससे शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिल सके।
शिकायतकर्ता की संतुष्टि को दें प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को नियमित रूप से शिकायतों की समीक्षा करने और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से किया जाना चाहिए।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सैमुअल पॉल एन ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करें।
त्वरित न्याय और राहत प्रशासन की प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


