Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरराज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने गोमती सेतु का किया निरीक्षण

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने गोमती सेतु का किया निरीक्षण

जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने गुरुवार को कलीचाबाद से प्यारेपुर तक गोमती नदी पर निर्मित सेतु का स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 29.93 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना की गुणवत्ता, प्रगति और सुरक्षा मानकों का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने कहा कि सेतु के शुरू होने से शहर में लगने वाले जाम की समस्या में काफी हद तक राहत मिलेगी। साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी।

सैकड़ों गांवों को मिलेगा लाभ

गिरीश चंद्र यादव ने बताया कि इस सेतु के शुरू होने से प्यारेपुर, हल्दीपुर, चंबलतारा, डेरा यूसुफ समेत आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों को पॉलिटेक्निक, नईगंज, अलीगंज, मदारपुर, बदलापुर, सुल्तानपुर और लखनऊ जाने के लिए शहर के भीतर से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

अप्रोच मार्ग का भी हुआ निर्माण

उन्होंने बताया कि सेतु के दोनों ओर अप्रोच रोड का निर्माण भी कराया गया है। एक तरफ लगभग 600 मीटर तथा दूसरी तरफ करीब 800 मीटर सड़क बनाई गई है, जिससे लोगों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परियोजना से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध और मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कई अधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस अवसर पर सेतु निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर जे.पी. गुप्ता, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव मिश्र, मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव, जिला कार्यालय मंत्री दीपक सिंह ‘मांटो’, विनय सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।