सिकरारा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्णय का स्वागत करते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें धन्यवाद पत्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया।
सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किया जाना एक महत्वपूर्ण निर्णय है, जिससे शिक्षकों और उनके परिवारों को आपातकालीन स्वास्थ्य परिस्थितियों में बड़ी राहत मिलेगी।
शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
सांसद ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों की सुरक्षा और सुविधाओं का ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है। कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू होने से शिक्षकों को इलाज के दौरान आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
शिक्षक संघ ने जताया आभार
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने प्रदेश सरकार के इस निर्णय को शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा प्रदेश के हजारों शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए लाभकारी साबित होगी।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधाकर उपाध्याय, जिलामंत्री डॉ. देवी प्रकाश सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव सिंह लोहिया, गौरव सिंह सहित शिक्षक संघ एवं भाजपा के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


