बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के भलुआही वार्ड नंबर-8 में 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला हत्या में बदल गया है। मृतक के पिता ने अपनी बहू और उसके कथित प्रेमी पर गमछे से गला कसकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर मृतक की पत्नी वंदना और राजेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, क्षेत्राधिकारी बदलापुर सुनील चंद्र तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से घटना की जानकारी ली।
मृतक की पहचान संदीप गौतम (27) पुत्र लालजी गौतम के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब छह वर्ष पहले उसकी शादी तियरा गांव निवासी वंदना से हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को संदीप काम पर नहीं गया था। रात में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद संदीप कमरे में सोने चला गया। मृतक के पिता का आरोप है कि देर रात वंदना ने अपने कथित प्रेमी राजेश कुमार निवासी गजाधरपुर के साथ मिलकर गमछे से गला कसकर संदीप की हत्या कर दी।
आरोप है कि घटना के बाद संदीप की मौत को सामान्य दिखाने का प्रयास किया गया। सुबह घर के बाहर गोबर से लिपाई-पुताई करने के बाद पत्नी ने परिजनों को संदीप के काफी देर से नहीं उठने की बात बताई। परिजन पहले इसे सामान्य मौत मानकर अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। इसी दौरान पड़ोस की महिलाओं की नजर संदीप के गले पर पड़े निशानों पर गई। इसके बाद परिजनों को मौत के पीछे किसी अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता लालजी गौतम ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी बहू वंदना और राजेश कुमार पर संदीप की हत्या करने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतक की पत्नी वंदना और कथित प्रेमी राजेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। रविवार दोपहर क्षेत्राधिकारी बदलापुर सुनील चंद्र तिवारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। संदीप अपने पीछे चार वर्ष की बेटी और दो वर्ष के बेटे को छोड़ गया है। पिता की मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।


