- अधिकारियों को समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश, सुरक्षा से लेकर चिकित्सा, यातायात और पार्किंग तक की तैयारियों पर मंथन
जौनपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के 27 जुलाई को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में प्रस्तावित 30वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के मद्देनजर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कैंप कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरा करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि राज्यपाल के आगमन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल और उससे जुड़े मार्गों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं, एंबुलेंस और चिकित्सकीय टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, लोक निर्माण विभाग, अग्निशमन विभाग, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी उनके दायित्वों के अनुरूप आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूर्व पूरी कर ली जाएं और मौके पर तैनात अधिकारी लगातार आपसी समन्वय बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्यपाल के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
राज्यपाल के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 27 जुलाई को प्रस्तावित 30वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आगमन को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने वीवीआईपी आगमन और प्रस्थान मार्ग, पार्किंग, प्रवेश-निकास द्वार, बैरिकेडिंग और ड्यूटी प्वाइंट सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बाद में एसपी ने सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए समय से ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचने तथा सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।


