Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक में 527.11 लाख की कृषि कार्ययोजना मंजूर

विकास भवन में आयोजित आत्मा योजना की बैठक में 527.11 लाख रुपये की कृषि कार्ययोजना स्वीकृत की गई। किसानों के प्रशिक्षण, कृषि नवाचार और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा हुई।
Homeअपना जौनपुरआत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक में 527.11 लाख की कृषि कार्ययोजना मंजूर

आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक में 527.11 लाख की कृषि कार्ययोजना मंजूर

जौनपुर। सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना के अंतर्गत गठित अधिशासी समिति की बैठक सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वर्ष 2025-26 में संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई तथा 527.11 लाख रुपये की जिला कृषि कार्ययोजना को अनुमोदित किया गया।

बैठक में उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार सिंह ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से आत्मा योजना के तहत गत वित्तीय वर्ष में आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने आगामी वर्ष की प्रस्तावित योजनाओं और कार्यक्रमों का भी विस्तृत खाका प्रस्तुत किया।

बैठक के दौरान किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराने, उनकी क्षमता वृद्धि करने तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदर्शन, राज्य के भीतर और बाहर कृषक प्रशिक्षण तथा भ्रमण कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।

समिति ने वर्ष 2025-26 के कार्यों की पुष्टि करते हुए वर्ष 2026-27 के लिए तैयार की गई कृषि कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान की। साथ ही विभिन्न संबद्ध विभागों को प्रस्तावित कार्यक्रमों के लक्ष्य आवंटित करने की मंजूरी भी दी गई।

मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कृषि प्रदर्शनों को तकनीकी आधारित बनाया जाए तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने मिलेट्स एवं उद्यानिकी फसलों के क्षेत्रफल विस्तार पर भी जोर दिया।

सीडीओ ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें।

बैठक में उपायुक्त श्रम एवं रोजगार नंदलाल, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी संदीप कुमार एवं कमलजीत सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य ए.के. शर्मा, जिला गन्ना अधिकारी उदय सिंह, प्रभारी उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव, उद्यान निरीक्षक सत्यभान सिंह सहित बोर्ड के सभी सदस्य उपस्थित रहे।