जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ‘अंशकालिक अनुदेशक सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह’ रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण योगी आदित्यनाथ के लखनऊ से संबोधन के साथ किया गया, जिसे उपस्थित शिक्षकों, अनुदेशकों और अधिकारियों ने देखा।
मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने वितरित किए चेक
समारोह के मुख्य अतिथि गिरीश चन्द्र यादव ने अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के 17 हजार रुपये के चेक वितरित कर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों और अनुदेशकों के सम्मान एवं हितों के प्रति संवेदनशील है तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई शोभा
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
समारोह में निपुण भारत मिशन, स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा और छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न शैक्षिक योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए।
कई अनुदेशक हुए सम्मानित
इस दौरान वंदना यादव, ज्योति श्रीवास्तव, सुजीत कुमार, रविन्द्र यादव, नीलेश चतुर्वेदी, दीपक यादव, चन्द्रमणि मौर्य, अमर बहादुर यादव और पुष्पा देवी समेत कई अंशकालिक अनुदेशकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. आर.के. पटेल, रमेश चन्द्र मिश्र, सैमुअल पॉल एन. तथा डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



