- शनिवार को है फैसले की घड़ी, तेज तर्रार एजेंट की तैनाती की रणनीति बनाने में जुटे प्रत्याशी
- विपक्षियों में सरकार का खौफ, बेईमानी का सता रहा है डर
जौनपुर धारा, शाहगंज। नगर पालिका परिषद चुनाव में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया। वहीं अब परिणाम की बारी है। शनिवार को आजमगढ़ मार्ग स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में मतगणना शुरू होगी। यही खेतासराय नगर पंचायत की भी मतगणना होनी है। फिलहाल शाहगंज नगरपालिका में कुल 25 वार्डों हेतु कुल 125 प्रत्याशी मैदान में थे। अध्यक्ष पद पर कुल 9 लोगों का भाग्य मतपेटिका में बंद है। कुल 25364 मतदाताओं में महिलाओं की संख्या 12814 एवं पुरुष 11550 हैं जिनमें कुल 15284 मत पड़ा। 7159 महिलाओं एवं 8125 पुरुषों ने मतदान किया है। कुल मत 63.03 फीसदी हुआ। नपा अध्यक्ष पद हेतु कुल 9 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा से गीता जायसवाल, सपा से रचना सिंह, बसपा से सुमन गुप्ता मैदान में हैं। तीनों का परिवार नपा अध्यक्ष पद पर रह चुका है। जहां भाजपा प्रत्याशी निवर्तमान अध्यक्ष है वहीं सपा प्रत्याशी के ससुर जितेंद्र सिंह पूर्व में अध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं बसपा प्रत्याशी भी पूर्व में भाजपा से जीत कर अध्यक्ष रह चुकी हैं। मैदान में कांग्रेस से फरजाना, आप से नसीम आरा, एआईएमआईएम से परमशीला भी चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहीं हैं। तीन निर्दल प्रीती गुप्ता, पूनम जायसवाल, सिंधु चुनाव मैदान में हैं। फिलहाल भाजपा, सपा में सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। साथ ही बसपा भी निर्णायक मत पाने को आतुर है। राजनीतिक पार्टियों ने चाणक्य के साम दाम दण्ड भेद की नीति को चरितार्थ कर पूरी ताकत चुनाव में झोंक दिया था। मतदान के दिन बूथो पर तेजतर्रार एजेंट तैनात किया गया था। अब मतगणना की तैयारी जोरों पर है। खासतौर से अध्यक्ष पद प्रत्याशी कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं। अनुभवी एजेंटों की तैनाती पर खोज जारी है। वहीं विपक्षियों में सत्ता का खौफ साफ देखा जा रहा है। लोगों को भय सता रहा है कि कहीं अधिकारी खेला न कर दे।

