- 25 महिलाओं का धर्मांतरण कराते दो गिरफ्तार
जौनपुर। धर्म परिवर्तन कराए जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। यह पूरा मामला सुरेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देहुआ का है।
एसपी ग्रामीण और मड़ियाहूं सीओ के निर्देश पर की गई। पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि देहुआ गांव की हरिजन बस्ती में लोगों को धन व प्रलोभन देकर ईसाई धर्म में परिवर्तन कराया जा रहा है। एक घर में लोगों को इक_ा करके बाइबल पढ़ाई जा रही थी। रविवार की शाम को सूचना की पुष्टि होने पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्र अपने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस के पहुंचते ही मची अफरा-तफरी जांच के दौरान पुलिस ने कृष्णा सोनी पुत्र श्याम कुमार सोनी और प्रमोद कुमार पुत्र पारसनाथ को हिरासत में लिया। दोनों आरोपी ग्राम भानपुर ढुंढापुर, थाना सुरेरी के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 बाइबल और एक बोतल पवित्र जल बरामद किया है। आरोपी करीब 20 से 25 महिलाओं को एकत्र करके ईसाई धर्म में परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहे थे। इस मामले में थाना सुरेरी में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि डायल 112 पर इस संबंध में सूचना मिली थी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद गांव में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।


