- बच्चों को उपहार बांटकर सांता क्लॉज ने दी खुशिय
जौनपुर धारा, जौनपुर। सेंट जॉन्स स्कूल में सिद्दीकपुर में शुक्रवार को क्रिसमस का पर्व हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया।रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया, जबकि सांता क्लॉज ने उपहार बांटकर उन्हें विशेष खुशी प्रदान की। विद्यालय में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में प्रभु यीशु मसीह की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला गया।प्रधानाचार्य फादर फेलिक्स डिसूजा ने अपने सम्बोधन में यीशु मसीह को मानवता के उद्धारक बताते हुए प्रेम, दया और क्षमा के उनके संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया। सांता क्लॉज के साथ क्रिसमस केक काटने का समारोह रहा, जिसे विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर फेलिक्स डिसूजा और मुख्य अतिथि फादर राजेश निशी ने संपन्न किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कक्षा तीन और चार के विद्यार्थियों ने प्रभु ईसा मसीह के जीवन पर आधारित झांकी प्रस्तुत की। यूकेजी के नन्हें-मुन्नों ने क्रिसमस गीत गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। आठवीं कक्षा के छात्रों ने ईसा मसीह के जीवन पर आधारित एक लघु नाटिका का मंचन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्रा ने स्वागत भाषण दिया और उपस्थित अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद प्रस्तुत किए गए कैरल गीतों ने माहौल को और भी आनंदमय कर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन छात्रों को उपहार वितरित कर किया गया, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी की झलक साफ दिखी। सेंट जॉन्स स्कूल ने शीतकालीन अवकाश से पहले के इस कार्यदिवस को यादगार बनाकर विद्यार्थियों के लिए विशेष स्मृतियां सहेज दीं।


