- एमएलसी प्रिंशु ने हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला टीबी चिकित्सालय परिसर से सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह प्रिंसू द्वारा संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का उद्घाटन जन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया।
जनपद में संचारी रोग अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त पंचायती राज विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, नगर विकास विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांग कल्याण विभाग, कृषि विभाग, सिंचाई विभाग, सूचना विभाग अपने निर्धारित कार्य एवं दायित्व के अनुसार कार्य योजना बनाकर कार्यवाही कराएंगे। संचारी अभियान का मुख्य उद्देश्य अंतर विभागीय सहयोग द्वारा वेक्टर जनित एवं संक्रामक बीमारियों पर नियंत्रण हेतु निरोधात्मक कार्यवाही जैसे साफ सफाई झाड़ी की कटाई एंटी लार्वा छिड़काव एवं जन जागरुकता कराया जाना है। दस्तक अभियान 17 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा जिसमें स्वास्थ्य विभाग से आशा तथा बाल विकास विभाग से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा कार्य योजना के आधार पर घर घर जाकर वेक्टर जनित बीमारियों के प्रति लोगों को जागरुक किया जाएगा तथा बुखार के रोगियों का चिन्हीकरण, सर्दी जुकाम लक्षण युक्त व्यक्तियों, क्षय रोग से ग्रसित व्यक्तियों, कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। अत्याधिक मच्छर घनत्व वाले घरों का चिन्हीकरण कर अंतर विभागीय सहयोग द्वारा मच्छर रोधी गतिविधिया संपन्न कराई जाएंगी ताकि बीमारी के आगामी सीजन में किसी भी तरह के वेक्टर जनित बीमारी के प्रसार को रोका जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आम-जनमानस से अपील किया है की संचारी अभियान में अपना सहयोग देकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह एवं समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षीकरण अधिकारी, जिला क्षय रोग अधिकारी, जिला कुष्ठ अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी कर्मचारी तथा बाल विकास विभाग, नगर पालिका जौनपुर, डीएमसी यूनीसेफ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम सहित अन्य विभागों ने प्रतिभाग किया।



