पूर्ति कार्यालय पर पात्र गृहस्थी राशन कार्ड के आवेदक को बार-बार दौड़ाते हैं अधिकारी
शैलेष नाग
जौनपुर धारा, शाहगंज। लक्ष्य पूरा हो जाने से पूर्ति विभाग शाहगंज ने पात्रों का राशन कार्ड बनाने से हाथ खड़ा कर दिया है, और लक्ष्य होने पर वरीयता के आधार पर मांग पूर्ण करने जैसे गैर जिम्मेदाराना लिखित मौखिक जवाब पूर्ति कार्यालय के अधिकारी लगा कर इतिश्री कर रहे हैं, जिससे आम जनमानस हैरान एवं परेशान है, और ऐसे अधिकारी योगी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं में पलीता लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
ज्ञात हो कि नया राशन कार्ड बनवाने हेतु तीन वर्ष पूर्व आवेदित आवेदन का 30 रुपए सरकारी शुल्क राशन कार्ड पावती रसीद के नाम देय होता है। यह सब करने के बाद भी पूर्ति कार्यालय द्वारा बार-बार आवेदकों को दौड़ा रहा है। राशन कार्ड बनवाने के लिए गरीब एवं पात्र भटक रहे हैं और पूर्ति कार्यालय शाहगंज का चक्कर लगा रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर आवेदकों ने बताया कि कई बार आवेदन करने के बाद भी राशन कार्ड हेतु पात्र का राशन कार्ड तीन वर्षों में नहीं बन सका। कार्ड के लिए वह हजारों रुपये आने-जाने और किराये के तौर पर खर्च कर दिए, मगर सफलता नहीं मिली। जबकि कार्यालय में राशन कार्ड हेतु आए दिनों व्यक्तियों के साथ अशोभनीय जवाब के माध्यम से गुमराह कर दिया जाता है। संपूर्ण समाधान दिवस हो या फिर सीएम हेल्पलाइन या जनसुनवाई सभी स्थानों पर मांग एवं शिकायत किये जाने के बावजूद पूर्ति कार्यालय शाहगंज के पूर्ति निरीक्षक एवं सक्षम अधिकारियों द्वारा एक वर्ष से अधिक समय से महज एक निस्तारित आख्या लगा दिया जाता है, कि जौनपुर के नगरी क्षेत्र में अधिकतम परिवार के सदस्यों की संख्या 221812 अर्थात 64.46 प्रतिशत अनुमन्य है, और वर्तमान में सदस्यों की संख्या 221821 अर्थात 64.46 प्रतिशत हो गई है, जो अनुमन्य संख्या से अधिक है। लक्ष्य होने पर वरीयता के आधार पर मांग पूर्ण की जाएगी। पात्र को सूचित कर दिया गया है, कि अपना डॉक्यूमेंट लाकर विभाग में जमा कर दें। ऐसे में पात्र गृहस्थी योजना किस तरह सफल और क्रियान्वित होगी यह सोच का विषय है।


